जन्माष्टमी पर जयपुर होगा कृष्णमय, गोविंददेवजी मंदिर में तड़के 4 बजे से खुलेंगे पट, दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को पैदल चलना होगा 5-6 किमी
जन्माष्टमी पर चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है.

Published : September 2, 2026 at 7:49 PM IST
जयपुर: जन्माष्टमी पर छोटी काशी जयपुर में तैयारियां अंतिम दौर में हैं. 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर समेत प्रमुख कृष्ण मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे, सबसे ज्यादा भीड़ गोविंददेवजी में उमड़ने की संभावना है. तड़के 4 बजे मंगला झांकी के पट खुलते ही मंदिर में दर्शन शुरू होंगे. जलेब चौक से तीन अलग लाइनें- पास वाले, बिना जूते-चप्पल और जूते-चप्पल वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई हैं. प्रवेश से निकास तक 5-6 किमी पैदल चलना पड़ेगा, निकासी जय निवास बाग के पूर्वी-पश्चिमी गेट से होगी. चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा. मेट्रो से आने की सलाह दी गई है.
मंदिर में प्रवेश से लेकर दर्शन के बाद बाहर निकलने तक श्रद्धालुओं को करीब 5 से 6 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ सकता है. दर्शन के बाद निकासी के लिए जय निवास बाग के पूर्वी और पश्चिमी गेट निर्धारित किए गए हैं. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि दर्शन के बाद प्रवेश वाले रास्ते की ओर वापस जाने की कोशिश न करें और निर्धारित निकास मार्ग का ही इस्तेमाल करें. निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रामनिवास बाग, चौगान स्टेडियम और जैम सिनेमा में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. प्रशासन ने विशेष रूप से रामनिवास बाग पार्किंग का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की है. जूते-चप्पल रखने के लिए पुरानी विधानसभा पर स्टैंड बनाया गया है. मंदिर परिसर में जूते-चप्पल रखने की व्यवस्था नहीं होगी.
पढ़ें: मूंग के दाने जितने छोटे लड्डू गोपाल! उदयपुर के स्वर्ण शिल्पी ने बनाई अद्भुत सूक्ष्म कलाकृति
चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट रहेगा बंद : जन्माष्टमी के दिन जयपुर की चारदीवारी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा. ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने और घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है. यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सुविधा भी जारी की है. क्यूआर कोड स्कैन करने पर नजदीकी पार्किंग स्थल, लाइव पार्किंग की स्थिति, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग और लोकल मैप की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी.

1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात : श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद और मंदिर प्रशासन की ओर से 3 हजार स्वयंसेवक और 150 स्काउट सेवा में लगाए जाएंगे. सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं. श्रद्धालुओं को दर्शन से जुड़ी जानकारी देने के लिए मंदिर परिसर में 13 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं. वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. मंदिर परिसर को 12 सेक्टर में बांटा गया है और पुलिसकर्मी तीन पारियों में ड्यूटी करेंगे. एडिशनल डीसीपी, एसीपी, आरएसी की कंपनियों के साथ घुड़सवार पुलिस भी तैनात रहेगी. मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी कैमरों के साथ एआई कैमरों से भी निगरानी की जाएगी. फेस रिकॉग्निशन सिस्टम की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी.
मंगला से शयन तक दर्शन का कार्यक्रम : 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला झांकी से दर्शन शुरू होंगे. इसके बाद धूप, शृंगार, राजभोग, ग्वाल, संध्या और शयन के दर्शन होंगे.
- मंगला : सुबह 4 से 6:30 बजे
- धूप : सुबह 7 से 9 बजे
- शृंगार : सुबह 9:30 से 11:15 बजे
- राजभोग : सुबह 11:45 से दोपहर 1:15 बजे
- ग्वाल : शाम 4 से 6:30 बजे
- संध्या : शाम 6:45 से 8:30 बजे
- शयन : रात 9:15 से 10:30 बजे
- मंगला आरती (05.09.2026) : रात 11:00 से 11:15 बजे
- तिथि पूजा व अभिषेक - रात 12:00 से 12:30 बजे
425 लीटर दूध और 365 किलो दही से होगा अभिषेक : मंदिर के मुख्य सेवादार मानस गोस्वामी ने बताया कि रात 10 से 11 बजे तक जन्माष्टमी व्रत कथा होगी. रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी होगी. इसके बाद ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा. उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्म के बाद होने वाले पंचामृत अभिषेक के लिए भी विशेष तैयारियां की गई हैं. अभिषेक में 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद का इस्तेमाल होगा.

यह भी पढ़ें: 7 बार आए थे श्रीकृष्ण, 2 बार श्रीराम, जानिए क्यों खास है कानाबाय की धरती
5 सितंबर को निकलेगी जन्माष्टमी शोभायात्रा : जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को शाम 4 बजे गोविंददेवजी मंदिर से शोभायात्रा निकलेगी. ये जलेब चौक, सिरहड्योढ़ी बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों के रास्ते से होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथ पहुंचेगी. शोभायात्रा को लेकर भी यातायात और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
बुजुर्गों से सावधानी की अपील : मंदिर प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बहुत बुजुर्गों और हृदय रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, सांस की समस्या या अन्य गंभीर बीमारी से परेशान लोगों से भीड़ को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. ऐसे श्रद्धालु गोविंदम ऐप या मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर लाइव दर्शन कर सकते हैं. वहीं लंबी दूरी तक पैदल चलने और भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं से पानी की बोतल साथ रखने, धक्का-मुक्की से बचने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है.

शहर के अन्य कृष्ण मंदिरों में भी विशेष आयोजन : 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर के अलावा इस्कॉन मंदिर मानसरोवर, हरे कृष्ण मंदिर अक्षयपात्र जगतपुरा, अक्षरधाम मंदिर वैशालीनगर, गोपीनाथ जी मंदिर पुरानी बस्ती चौड़ा रास्ता स्थित राधा दामोदर, राधा गोपाल, आनंद कृष्ण बिहारी मंदिर ब्रिज निधि मंदिर सहित शहर के कई मंदिरों में जन्माष्टमी के धार्मिक कार्यक्रम होंगे. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, सफाई और रोशनी की व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं.

