ETV Bharat / state

Jaipur Fire Accident : जयपुर में अवैध पटाखे बनवाने वाला फिरोज गिरफ्तार, विस्फोट में गई थी 8 जिंदगियां

जयपुर में खोह नागोरियान में अवैध पटाखा फैक्ट्री के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन. मुख्य आरोपी फिरोज गिरफ्तार.

Firoz and Qayyum in the custody of Khoh Nagorian police
खोह नागोरियान पुलिस की गिरफ्त में फिरोज एवं कयूम (Photo Source: Jaipur Police)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 5, 2026 at 6:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना इलाके में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी फिरोज को गिरफ्तार कर लिया. वह दिल्ली-गाजियाबाद से बारूद लाकर जयपुर में अवैध रूप से पटाखे बनाने की फैक्ट्री चलाता था. उसे गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से पुलिस ने पकड़ा है. वहीं, अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चलाने के एक मामले में हिस्ट्रीशीटर कयूम खान को जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया.

12 जून को दर्ज हुआ था मुकदमा: जयपुर (पूर्व) डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाशराम विश्नोई की अगुवाई में टीम ने यह कार्रवाई की है. जून में खोह नागोरियान थाना इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई थी. उन्होंने बताया कि थाने में 12 जून को बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था.

इस मामले में फिरोज की तलाश थी. पुलिस ने 33 वर्षीय फिरोज को गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से पकड़ा. वह फारुख नगर (गाजियाबाद) का रहने वाला है. प्रारंभिक जांच में पाया कि फिरोज दिल्ली-गाजियाबाद से विस्फोटक पदार्थ लाकर जयपुर में अवैध रूप से पटाखे बनवाता था. उससे इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ जारी है. उसके खिलाफ दर्ज अन्य मुकदमों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

पढ़ें: Jaipur Fire Accident : कयूम ने किराए पर मकान दिया, अवैध पटाखा फैक्ट्री में पार्टनरशिप भी...जयपुर-टोंक और गाजियाबाद में काटी फरारी

हिस्ट्रीशीटर कयूम प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार: उनका कहना है कि खोह नागोरियान थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में रहीम नगर (जयपुर) निवासी कयूम खान को पुलिस ने जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया. वह खोह नागोरियान थाने का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ जयपुर शहर के अलग-अलग थानों में दस मुकदमे हैं. एक मुकदमा महुवा (दौसा) में भी दर्ज है. छह मामलों में पुलिस चालान पेश कर चुकी है, जबकि पांच मामले विस्फोटक अधिनियम से जुड़े हैं. इनमें जांच जारी है. उसे पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था.

पढ़ें: जयपुर में बड़ा हादसा: पटाखों के अवैध गोदाम में लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत

थाना इलाके में चलाया जा रहा डोर टू डोर सर्वे: डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि थानाधिकारी प्रकाशराम की अगुवाई में 25 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई है. यह टीम खोह नागोरियान थाना इलाके में डोर टू डोर सर्वे कर रही है. संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी लेकर अवैध कारोबार के बारे में जानकारी जुटा रही है. अवैध कारोबार के ठिकानों को चिह्नित कर रोकथाम की जा रही है. इस दौरान कई पटाखा गोदाम पर कार्रवाई की गई है. आमजन को भी अवैध गतिविधियों के बारे में पुलिस को जानकारी देने को लेकर जागरूक किया जा रहा है.

पढ़ें: अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट मामले में SHO सहित 8 पुलिसकर्मी निलंबित, एडिशनल कमिश्नर करेंगे जांच