ETV Bharat / state

Jaipur Fire Accident : कयूम ने किराए पर मकान दिया, अवैध पटाखा फैक्ट्री में पार्टनरशिप भी...जयपुर-टोंक और गाजियाबाद में काटी फरारी

अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग से 8 लोगों की मौत के मामले में आरोपी 20 जून तक रिमांड पर.

Jaipur Fire Accident
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 17, 2026 at 2:38 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर में खोह नागोरियान थाना इलाके के करीम नगर बी तलाई में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट व आग से आठ लोगों की मौत के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी कयूम खान को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने आरोपी को 20 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा है. इस मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी. उसका मालिक कयूम है. उसकी फैक्ट्री में फिरोज के साथ पार्टनरशिप भी थी. कयूम को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी.

जयपुर आ रहा था आरोपी, रास्ते में दबोचा : खोह नागोरियान थानाधिकारी प्रकाशराम विश्नोई ने बताया कि 9 जून को अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से आठ लोगों की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद से कयूम ने जयपुर में शास्त्री नगर और झोटवाड़ा में फरारी काटी. इसके बाद वह टोंक और गाजियाबाद भी गया. उसके वापस जयपुर आने की सूचना मिली थी. इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पढ़ें : अवैध पटाखा फैक्ट्री के लिए मकान किराए पर देने वाला मुख्य आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

अन्य विभागों से दस्तावेज जुटाकर कर रहे जांच : उन्होंने कहा- अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि जिस मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी. कयूम उसका मालिक है. इसके साथ ही उसकी पटाखा फैक्ट्री में पार्टनरशिप भी थी. उनका कहना है कि पुलिस जेडीए, नगर निगम, बिजली विभाग और पीएचईडी से संपर्क कर मकान से जुड़े दस्तवेज खंगाल रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने कोर्ट से आरोपी की छह दिन की रिमांड मांगी थी. कोर्ट ने उसे 20 जून तक चार दिन की रिमांड पर सौंपा है.

तीन नामजद आरोपी, 9 पुलिसकर्मी निलंबित : उनका कहना है कि खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में डोर टू डोर सर्वे किया जा रहा है. इस बीच आरोपियों के अवैध रूप से विस्फोटक के पांच गोदाम मिले हैं, जिन्हें सीज कर दिया गया है. इन गोदाम में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ रखा हुआ था. अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के मामले में तीन आरोपियों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था. प्रारंभिक तौर पर पुलिस महकमे की जांच में लापरवाही सामने आने पर थानाधिकारी सहित 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था.