ETV Bharat / state

साइकिल पर 18 हजार किमी की यात्रा पर जाएगी जयपुर की बेटी, पीएम से मिलने जोधपुर पहुंची

सवी शेखावत विश्व शांति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देंगी.

World cycle Tour
पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह जसोल के साथ सवी (ETV Bharat Jodhpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 2, 2026 at 7:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जोधपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर की 14 वर्षीय छात्रा सवी शेखावत विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश लेकर करीब 18 हजार किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा पर निकलने की तैयारी में हैं. कक्षा 10 की छात्रा सवी का उद्देश्य दुनिया को परमाणु हथियारों के खतरे के प्रति जागरूक करना और परमाणु हथियार मुक्त विश्व का संदेश देना है. इस अभियान में उनका पूरा परिवार भी साथ रहेगा.

सवी ने जोधपुर प्रवास के दौरान बताया कि उनकी यात्रा का पहला चरण जयपुर से शुरू होकर नई दिल्ली, बीजिंग, मॉस्को, पेरिस, लंदन और वॉशिंगटन डीसी तक प्रस्तावित है. यात्रा के दौरान वे संयुक्त राष्ट्र, नाटो, यूरोपीय संघ समेत परमाणु हथियार रखने वाले देशों के प्रमुखों को ज्ञापन सौंपकर परमाणु निरस्त्रीकरण की अपील करेंगी. उनकी पहली प्राथमिकता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपना है, जिसके लिए उन्होंने समय भी मांगा है.

सवी शेखावत (ETV Bharat Jodhpur)

पढ़ें: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरक साइकिल यात्रा पहुंची जैसलमेर, लोंगेवाला पर होगी समाप्त

विश्व शांति के साथ-साथ सवी पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देंगी. वे वैश्विक कंपनियों और शिक्षण संस्थानों से हस्तनिर्मित एवं प्रकृति-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद महिलाओं और कारीगर परिवारों को रोजगार और शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की अपील करेंगी.

सवी के पिता विजेंद्र सिंह शेखावत पिछले करीब 28 वर्षों से हाथियों के गोबर से पर्यावरण अनुकूल कागज बनाने का कार्य कर रहे हैं. उनका कहना है कि सवी बचपन से ही पर्यावरण के प्रति जागरूक रही हैं और अब विश्व शांति के लिए वैश्विक जनजागरण का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने बताया कि यात्रा की तैयारी के तहत दोनों बेटियां प्रतिदिन लगभग 100 किलोमीटर साइकिल चला रही हैं. प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जोधपुर दौरे को देखते हुए सवी अपने पिता के साथ जोधपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह जसोल से मुलाकात कर प्रधानमंत्री तक अपना ज्ञापन पहुंचाने और इस अभियान में सहयोग की अपील की. अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या सवी को प्रधानमंत्री से मुलाकात का अवसर मिलता है और उनका यह वैश्विक अभियान कितना प्रभाव छोड़ता है.