रीवा में जैन साध्वियों की मौत से रोहतक में आक्रोश, मौन धारण के साथ विरोध-प्रदर्शन, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मध्यप्रदेश के रीवा में दो जैन साध्वियों की सड़क हादसे में हुई मौत से रोहतक में जैन समाज में नाराजगी देखने को मिल रही है.

Published : May 25, 2026 at 9:02 PM IST
|Updated : May 25, 2026 at 9:17 PM IST
रोहतक : मध्यप्रदेश के रीवा जिले में दो जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद जैन समाज में गहरा रोष देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को रोहतक में जैन समाज के लोगों ने मौन धारण कर विरोध प्रदर्शन किया और जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
सड़क हादसे में जैन साध्वियों की मौत : जैन समाज के सदस्यों ने बताया कि 20 मई को रीवा में आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी और आर्यिका श्री सौम्यमति माताजी को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी थी. इस हादसे में दोनों साध्वियों की मृत्यु हो गई. घटना के बाद देशभर के जैन समाज में दुख और आक्रोश का माहौल है.
मौन धारण कर श्रद्धांजलि : रोहतक जैन सभा के जनरल सेक्रेटरी मनीष जैन और जैन सभा के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि पूरे देश में जैन समाज द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से मौन धारण आयोजित कर साध्वियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है. उन्होंने कहा कि आज रोहतक झज्जर रोड़ स्थित जैन जती से मौन धारण कर जिला उपायुक्त तक प्रदर्शन किया गया. जैन साधु-साध्वियां अहिंसा, संयम और मानव कल्याण का संदेश देती हैं और उनके साथ हुई इस दुखद घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है.
सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग : ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और साधु-साध्वियों की यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है. धरने में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत साध्वियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय की मांग दोहराई. इस दौरान जैन समाज के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हांसी में गीता चौक पर भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस से टकराईं गाड़ियां, 30 यात्री बाल-बाल बचे
ये भी पढ़ें : रेवाड़ी- जैसलमेर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो-ट्रक की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
ये भी पढ़ें : गर्भवती महिला को ले जा रही एंबुलेंस ने तीन गाड़ियों को मारी टक्कर, तीन घायल

