ETV Bharat / state

जय कृष्ण उपाध्याय इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त, अधिसूचना जारी

इलाहाबाद हाईकोर्ट में उत्तर प्रदेश सरकार के सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रथम हैं.

Etv Bharat
जय कृष्ण उपाध्याय इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 6, 2026 at 6:55 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

प्रयागराज: भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता जय कृष्ण उपाध्याय (जे के उपाध्याय) को न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. इस आशय की अधिसूचना मंत्रालय के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन ने सोमवार को जारी की है. जय कृष्ण उपाध्याय इलाहाबाद हाईकोर्ट में उत्तर प्रदेश सरकार के सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रथम हैं. वे वर्ष 2007 से लगातार राज्य सरकार के अपर स्थाई अधिवक्ता के तौर पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुकदमों में राज्य सरकार के पक्ष की पैरवी की है.

विगत दिनों सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम ने इनके नाम की सिफारिश इलाहाबाद हाईकोर्ट का जज बनाए जाने को लेकर केंद्र सरकार को भेजी थी. केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद जय कृष्ण उपाध्याय को इलाहाबाद हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया है. वह शीघ्र हाई कोर्ट जज की शपथ लेंगे.

मिर्जापुर में जिगना के रहने वाले हैं जय कृष्ण उपाध्याय: जय कृष्ण उपाध्याय मिर्जापुर जनपद में जिगना के रहने वाले हैं. उनके उच्च न्यायालय प्रयागराज का जज नियुक्त होने पर क्षेत्रवासियों में हर्ष है. जय कृष्ण उपाध्याय की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई है. इसके बाद उन्होंने मौनी स्वामी इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की. फिर प्रयागराज विश्वविद्यालय से स्नातक और कानून की डिग्री ली. जय कृष्ण उपाध्याय चार भाइयों में सबसे छोटे हैं. बड़े भाई रामकृष्ण उपाध्याय जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद से सेवानिवृत्त हैं. एक भाई श्रीकृष्ण उपाध्याय मिर्जापुर के राजगढ़ ब्लॉक में एडीओ पंचायत के पद पर कार्यरत हैं.

यह भी पढ़ें: संभल में कब्रिस्तान की पैमाइश पर रोक लगाने से हाईकोर्ट ने किया इनकार, कहा- राजस्व टीम के सामने आपत्ति दर्ज कराएं