ETV Bharat / state

बस्तर में अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग का एक्शन, पोकलेन और 16 वाहन जब्त

बस्तर खनिज विभाग ने गुरुवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की है. कुल 16 वाहनों को जब्त किया गया है.

Action of Mineral Department in Bastar
बस्तर में खनिज विभाग की कार्रवाई (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 19, 2026 at 10:37 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बस्तर: छत्तीसगढ़ का बस्तर संभाग खनिज संसाधनों से भरा पूरा संभाग है. यहां पर लगातार खनिज की अवैध खुदाई और परिवहन की शिकायत मिल रही थी. जिसके बाद जिला प्रशासन की नींद टूटी है. बस्तर जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए इन दिनों ज़िले में अभियान चलाया जा रहा है. खनिज विभाग के जांच दल निरीक्षण के दौरान अवैध परिवहन पर कार्रवाई की है और 1 पोकलेन सहित 16 वाहनों को जब्त किया है.

बस्तर कलेक्टर के निर्देश का दिखा असर

बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के सख्त निर्देश के बाद हाल ही में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया. जिसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर अवैध परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है. जिसमें खनिज जांच दल ने पिछले 9 दिनों के भीतर 10 फरवरी से 18 फरवरी तक निरंतर छापेमारी कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त 16 वाहनों को जब्त किया है. ​खनिज विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान रेत, चूना पत्थर और मिट्टी से निर्मित ईंट का अवैध रूप से परिवहन कर रहे ट्रैक्टर, हाइवा और टिप्परों को जब्त किया गया.

खनिज विभाग का एक्शन

जब्त किए गए वाहनों में प्रमुख रूप से ग्राम कंगोली, परपा, बालेंगा, लालबाग और पल्लीनाका जैसे क्षेत्रों से गुजर रहे वाहन शामिल हैं. विशेष रूप से मूतनपाल क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए एक चेन माउंटेड पोकलेन मशीन को भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया है. अवैध उत्खनन और परिवहन के सभी 16 केसों में कार्रवाई हुई है. इसमें छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गई है.

बस्तर जिले के विभिन्न इलाकों में खनिज विभाग के अनुमति के बगैर रेत का अवैध उत्तखनन करके परिवहन किया जाता रहा है. वहीं ग्रामीणों इलाकों में भी लाल ईंट और चूना पत्थर का परिवहन किया जाता है. इसे रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है.

दुर्ग में म्यूल अकाउंट से अवैध ट्रांजेक्शन, 4 आरोपी गिरफ्तार, ऑनलाइन सट्टा से तार जुड़ने की आशंका

सूरजपुर में सड़क पर बर्थडे मनाने का मामला, 6 युवकों पर केस दर्ज, पुलिस की जांच जारी