दिल्ली के जाफराबाद डबल मर्डर केस में क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात बदमाशों को दबोचे
पुलिस ने बताया कि एक बदमाश हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य है, जिसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं.

Published : January 8, 2026 at 7:58 PM IST
नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-II टीम ने मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं. यह जानकारी क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) विक्रम सिंह ने दी.
डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि पिछले साल 16 दिसंबर को जाफराबाद के चौहान बांगर इलाके में नादिम व उसके सगे भाई फजील की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस जांच में सामने आया कि हमलावर करीब आधे घंटे तक घात लगाकर बैठे रहे और जैसे ही दोनों भाई मौके पर पहुंचे, ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. फोरेंसिक जांच में लगभग 50 राउंड फायर होने की पुष्टि हुई. इससे ये स्पष्ट हुआ कि वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी. वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी.
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे कुख्यात हाशिम बाबा गैंग का हाथ सामने आया. यह हत्या अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े बदले की कार्रवाई थी. अगस्त 2025 में स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किए गए हथियार तस्कर सलीम पिस्टल ने पूछताछ में नादिम का नाम उजागर किया था. इसके बाद नादिम ने आरोपी मोहम्मद दानिश का नाम पुलिस को बताया. इससे नाराज होकर दानिश ने बदला लेने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया.
ऐसे जाल बिछाकर दबोचे गए आरोपी: उन्होंने आगे बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ईस्टर्न रेंज-II की टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया. इंस्पेक्टर सुनील कुंडू के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी व मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए लगातार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी. गुरुवार को हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस और हेड कॉन्स्टेबल मोहित को गाजीपुर पेपर मार्केट इलाके में आरोपियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली. इसपर पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए, जबकि पुलिसकर्मियों के बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बड़ा नुकसान टल गया.
गिरफ्तार आरोपी व बरामदगी: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असद अमीन (22), निवासी चौहान बांगर, जाफराबाद के रूप में हुई है. वह 10वीं पास है और मुख्य शूटर है, जिसके खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं मोहम्मद दानिश (34) जाफराबाद से है एलएलबी पास है. वही मुख्य साजिशकर्ता है, जिसके खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. आरोपियों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, 6 खाली कारतूस व वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है.
हाशिम बाबा गैंग से गहरा नाता: डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि असद अमीन, हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य है. वह 2024 में जीटीबी अस्पताल में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल रहा है. मोहम्मद दानिश इसी गैंग के लिए हथियार सप्लाई का काम करता था. क्राइम ब्रांच का कहना है कि आगे की पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों व हथियार नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें-
नाम, शहर और पिता तक बदला, फिर भी बच न सका; 25 साल बाद पत्नी के कातिल को दिल्ली पुलिस ने दबोचा
दिल्ली के बवाना में पुलिस द्वारा एनकाउंटर, मुठभेड़ के बाद 3 कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

