कैच पकड़ो सोना जीतो, जबलपुर में ज्वेलर्स का IPL, बिजनेस ठप्प पड़ा तो मैदान में उतरे कारोबारी
जबलपुर में प्रधानमंत्री की अपील के बाद सुस्त पड़ा सराफा कारोबार, ज्वेलर्स ने शुरु किया सराफा प्रीमियर लीग. विश्वजीत सिंह की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 27, 2026 at 2:32 PM IST
जबलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना ना खरीदने की अपील के बाद खाली बैठे सराफा कारोबारियों ने क्रिकेट को अपना सहारा बना लिया है. जबलपुर में पहली बार सराफा एसोसिएशन द्वारा 'सराफा प्रीमियर लीग' का आयोजन किया जा रहा है. खेल को रोमांचक बनाने के लिए दर्शकों को भी कैच लेने पर सोने-चांदी के सिक्के दिए जा रहे हैं. खिलाड़ियों का कहना है कि, दुकानों में कोई काम नहीं है यह तो अच्छा है कि क्रिकेट की वजह से मन बहल रहा है.
पीएम मोदी ने की थी सोना कम खरीदने की अपील
बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की थी कि, ''सोना कम से कम खरीदें.'' जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील सामने आई, इसका असर बाजार में दिखना शुरू हो गया. एक तो सोने की कीमतें पहले ही बहुत अधिक थी, इस वजह से लोग सोना-चांदी नहीं खरीद रहे थे. इसके बाद प्रधानमंत्री ने अपील कर दी तो लोगों ने सोना चांदी खरीदना ही बंद कर दिया.
इसका सबसे ज्यादा प्रभाव सोने चांदी के कारोबार करने वाले लोगों पर पड़ा और ग्राहकी बंद होने के बाद उनकी दुकानों में काम ही नहीं बचा. ऐसी स्थिति में सोने चांदी का कारोबार करने वाले लोग बिल्कुल खाली हो गए. सोने चांदी का कारोबार करने वाले लोगों के पास 5 मिनट की फुर्सत नहीं होती थी अब पूरे दिन खाली हैं.

IPL की तर्ज पर सराफा प्रीमियर लीग शुरु की
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ बताते हैं कि, ''प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद सोने चांदी का कारोबार करने वाले लोगों में निराशा का माहौल बन गया, क्योंकि लोगों के पास कोई काम नहीं है. इसलिए हमने यह तय किया कि क्यों ना क्रिकेट खेला जाए. इसके बाद जबलपुर में सराफा प्रीमियर लीग की तैयारी की गई और जैसे ही इस बात की जानकारी सराफा एसोसिएशन के सदस्यों को दी गई तो अचानक हमारे पास 100 टीमों की जानकारी पहुंच गईं. लेकिन 100 टीमों के लिए मैच करवाना काफी कठिन था. इसलिए हमने इसे आईपीएल की तर्ज पर तैयार करवाया और 25 टीमें सिलेक्ट की.''

- रतलाम में आधा हुआ सराफा का बिजनेस, ऑर्डर नहीं मिलने पर छुट्टी पर जा रहे स्वर्ण कारीगर
- ऑटो ड्राइवर की बेटी क्रिकेट में मचा रही धमाल, रीना का WMPL में सिलेक्शन, भोपाल बुल्स ने लगाया दांव
- रतलाम के क्रिकेटर का एमपीएल धमाका, गलियों से निकल बने IPL फिनिशर, लगी मुंहमांगी बोली
कैच लेने वाले दर्शकों को सोने-चांदी का इनाम
इसके बाद कुछ बड़े ज्वेलर्स ने इन टीमों को खरीद लिया. बिल्कुल आईपीएल की तर्ज पर पहली बार जबलपुर में सराफा एसोसिएशन द्वारा प्रीमियर लीग का आयोजन करवाया जा रहा है. यह अपने आप में ऐसी पहली प्रतियोगिता है जिसमें कैच लेने वाले दर्शकों को भी इनाम दिया जा रहा है. राजा सराफ का कहना है कि ''यदि कोई दर्शक दोनों हाथ से कैच लेता है तो उसे चांदी का सिक्का और यदि वह मात्र एक हाथ से कैच ले लेता है तो उसे सोने का सिक्का दिया जा रहा है.''
क्रिकेट को देखने के लिए भी सैकड़ों की तादाद में लोग पहुंच रहे हैं. वहीं क्रिकेट खेलने वाले युवा खिलाड़ी भावेश सोनी का कहना है कि, ''वह प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद बिल्कुल खाली हो गए थे. हालांकि प्रधानमंत्री ने देश हित में अपील की थी इसलिए वे भी इसके साथ हैं. लेकिन क्रिकेट खेलने की वजह से अब उनकी जिंदगी की मायूसी खत्म हो गई है.''
जबलपुर के रानीताल स्टेडियम में यह मैच रोज शाम को आयोजित किये जा रहे हैं. मैच का रोमांस ऐसा है कि इसे देखने के लिए सर्राफा कारोबारी के परिवार के लोग भी पहुंच रहे हैं. देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति में कई लोगों के सामने रोजगार का संकट है. कारोबार करने वाले लोग तो फिर भी इस संकट में बच जाएंगे लेकिन जो लोग रोज की मजदूरी करते थे उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है. उन्हें ऐसी स्थिति में कोई दूसरा काम तलाशना होगा.

