रानी दुर्गावती फ्लाईओवर पर लड़कियों की धमाचौकड़ी, व्यूज और फन के लिए दूसरों के जान की परवाह नहीं
एक बार फिर चर्चाओ में जबलपुर का रानी दुर्गावती फ्लाईओवर, लड़कियों ने की जमकर आतिशबाजी और बनाई रील, पुलिस कर रही तलाश.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 1:29 PM IST
जबलपुर: आज के समय में युवाओं से लेकर हर उम्र के लोगों में रील का क्रेज चरम पर है. गानों, मूवी डायलॉग्स, बर्थडे, शादी, त्योहार से लेकर किसी हादसे पर भी लोग रील बनाने में पीछे नहीं हट रहे. चाहे पब्लिक प्लेस हो, मॉल, थियेटर, स्कूल, कॉलेज, रोड-हाइवे से लेकर अस्पताल में भी जमकर रील बनाई जा रही है. इसी तरह जबलपुर का फ्लाईओवर एक बार फिर चर्चा में है, वो भी रील को लेकर. यहां कुछ लड़कियों ने जमकर आतिशबाजी कर रील बनाई. जो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रही है. साइबर सेल ने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है.
रानी दुर्गावती फ्लाईओवर पर लड़कियों की मस्ती
जबलपुर का रानी दुर्गावती फ्लाईओवर जब से बना है, तब से उस पर रील बनाने वालों का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है. इस बार फ्लाईओवर पर तीन लड़कियों ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, लेकिन इन्होंने नियमों को बिल्कुल ताक पर रख दिया. फ्लाईओवर पर सबसे पहले इन लोगों ने जमकर आतिशबाजी की. सड़क पर रोशनी वाले बम फोड़े फिर फ्लाईओवर की दीवार पर रखकर आतिशबाजी की. इसके बाद भी इनका मन नहीं भरा तो इन लोगों ने सड़क पर ही कार खड़ी करके उसके ऊपर केक काटा. इन लड़कियों की यह मस्ती लगभग आधा घंटे तक चलती रही.

सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए तलाश
जबलपुर की साइबर सेल के सीएसपी अंजुल अयक मिश्रा ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. इन लड़कियों को तलाशा जा रहा है. ये लड़कियां सोशल मीडिया पर अलीशा मसीह 143 नाम का चैनल चलाती हैं. इस चैनल पर इन लड़कियों के लगातार वीडियो आते हैं. सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इन्हें आसानी से खोजा जा सकता है. इन लड़कियों की यह हरकत खतरनाक इसलिए थी, क्योंकि फ्लाईओवर पर गाड़ियां तेज रफ्तार से चलती है.

ऐसी स्थिति में यदि किसी का ध्यान भटक जाए या कोई सामने आ जाए तो एक्सीडेंट हो सकता है. इसीलिए पुलिस ने फ्लाईओवर पर रील बनाने वालों पर पाबंदी लगाई थी, लेकिन लोग मानने को ही तैयार नहीं हैं.

- शक्ल अच्छी नहीं तो क्या हुआ, सरकारी नौकरी तो है न, रील बनाने वाले 6 पुलिस जवानों को नोटिस
- रील बनाते वक्त मधुमक्खी के छत्ते से टकराया छात्र का हाथ, कॉलेज में मचा हाहाकार, 9 अस्पताल में भर्ती
अब तक 12 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई
कुछ दिनों पहले दीपावली के मौके पर भी लोगों ने फ्लाईओवर पर ही दीपावली मनाई थी. जिसे लेकर करीब 12 से ज्यादा लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है. जबलपुर का यह फ्लाईओवर प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर है. फ्लाईओवर पर आना-जाना पहले ही लोगों के लिए परेशानी का सबब है, क्योंकि यहां कई बार लोगों को यू टर्न लेना पड़ता है.

