ETV Bharat / state

बीएसएनल फैक्ट्री में गिरी दीवार, 2 मजदूरों की मौत, पुराना शेड तोड़ने के दौरान हादसा

जबलपुर की बीएसएनल फैक्ट्री में दीवार ढहने से दो मजदूरों की गई जान, राजस्थान के थे मरने वाले मजदूर. विश्वजीत सिंह राजपूत की रिपोर्ट.

JABALPUR NAPIER TOWN
बीएसएनल फैक्ट्री में दीवार गिरी, 2 मजदूरों की मौत, (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 2, 2026 at 4:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर: जबलपुर के नेपियर टाउन में बीएसएनएल की फैक्ट्री में दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई. यह दोनों मजदूर बीएसएनल फैक्ट्री के पुराने शेड को तोड़ रहे थे. दोनों ही मजदूर राजस्थान के बताए जा रहे हैं. अभी तक जिस कंपनी ने इन मजदूरों को काम पर लगाया था उनके कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं. दरअसल, जबलपुर में लगातार दो दिनों से बारिश हो रही है जिसकी वजह से दीवार कमजोर हो गई थी और इसी दौरान यह हादसा हो गया.

राजस्थान की एक कंपनी ने स्ट्रक्चर तोड़ने का लिया था ठेका

जबलपुर के नेपियर टाउन इलाके में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में बीएसएनएल की टेलीकॉम फैक्ट्री है. इस फैक्ट्री में पहले टेलीकॉम के उपयोग में आने वाले खंभे तार और उपकरण बनाए जाते थे, लेकिन धीरे-धीरे टेलीकॉम फैक्ट्री का काम खत्म होता चला गया और अब टेलीफोन फैक्ट्री पूरी तरह बंद होने की कगार पर है. फैक्ट्री में कई पुराने बड़े-बड़े शेड थे अब इनका कोई उपयोग नहीं है और यह शेड जर्जर होकर कबाड़ में तब्दील हो गए हैं. बीते दिनों इस स्ट्रक्चर को नीलाम किया गया था और राजस्थान की एक कंपनी ने इस स्ट्रक्चर को तोड़ने का ठेका लिया था.

दीवार गिरने से चपेट में आये दो मजदूर, मौके पर हुई मौत (ETV Bharat)

दीवार गिरने से चपेट में आये दो मजदूर, मौके पर हुई मौत

बुधवार को इन्हीं शेड को तोड़ने के दौरान अचानक एक दीवार गिर गई और उसकी चपेट में दो मजदूर आ गए जिनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना स्थल पर मौजूद फैक्ट्री के अधिकारी एमएल मेहरा ने बताया कि "जबलपुर में बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, इसकी वजह से दीवारें कमजोर हो गई थीं और जैसे ही इन मजदूरों ने दीवारों को गिराना शुरू किया तो मजदूर भी उसमें दब गए. तुरंत मजदूरों को निकालने की कोशिश की गई लेकिन जब तक मजदूर निकलते तब तक उनकी जान जा चुकी थी."

मौके पर पहुंची मदन महल पुलिस के सब इंस्पेक्टर सतीश अनुरागी ने बताया कि मरने वाले दोनों मजदूरों के नाम नदीम और अकबर बताए जाते हैं. हालांकि अभी तक इनके कोई पहचान पत्र नहीं मिले हैं, लेकिन उनके बारे में बताया जा रहा है कि यह दोनों ही राजस्थान के रहने वाले थे और जिस कंपनी के साथ यह काम कर रहे थे उस कंपनी के अधिकारियों को बुलाया गया है."

Jabalpur BSNL FACTORY ACCIDENT
बीएसएनल फैक्ट्री में दीवार गिरने से 2 मजदूरों की मौत (ETV Bharat)

ये भी पढ़ें:

जबलपुर में बीएसएनल की तीन फैक्ट्रियां थी और इन तीनों ही फैक्ट्री में हजारों कर्मचारी काम किया करते थे. लेकिन अब यह फैक्ट्रियां धीरे-धीरे बंद हो गई हैं और दोबारा इनमें कोई निवेश नहीं किया गया. इसलिए उनके भीतर रखा हुआ सामान इसी तरह से बेचा जा रहा है. लंबे समय से यहां बने हुए निर्माण कार्यों की कोई मरम्मत नहीं हुई है, इसलिए पूरे स्ट्रक्चर कमजोर हो गए हैं और हादसों की आशंका बनी रहती है.