दुल्हन के प्रेमी ने विवाह के पहले दूल्हे को भेजी अपने प्रेम की निशानी, फिर दूल्हा क्यों पहुंचा जेल
जबलपुर में शादी से ठीक पहले दुल्हन का प्रेमी बना बाधा, दूल्हे पक्ष को भेजा फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग, दूल्हे ने शादी से किया इनकार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 24, 2026 at 7:20 PM IST
जबलपुर: प्रेम किसी और से और शादी किसी और से करने पर दूल्हा-दुल्हन के परिवार के बीच विवाद हो गया. शादी के ठीक पहले दुल्हन के प्रेमी ने दूल्हे के परिवार को कुछ फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग भेजी, जिससे लड़का पक्ष शादी से इंकार करने लगा. लेकिन युवती दूल्हे के खिलाफ थाने में शिकायत कर जबरन शादी की दबाव बना रही है.
दूल्हे को पुलिस ने हिरासत में लिया
जबलपुर के माढ़ोताल पुलिस ने अजीत यादव नाम के एक युवक को पुलिस हिरासत में लिया. जब अजीत यादव के परिवार के लोगों ने पुलिस से पूछा कि अजीत को किस जुर्म में पकड़ा गया है, तो पुलिस ने बताया कि 'गंजना' (बदला हुआ नाम) ने अजीत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. वह उसे परेशान कर रहा है और शादी का वादा करके शादी नहीं कर रहा है. गंजना की शिकायत पर पुलिस ने अजीत यादव को हिरासत में ले लिया. वहीं, फिलहाल अजीत की तबीयत खराब हो गई है और वह अब सरकारी अस्पताल में इलाज करवा रहा है.
दूल्हा पक्ष ने शादी से किया इनकार
अजीत के पिता राजाराम यादव ने अजीत को हिरासत में लिए जाने पर आपत्ति जताई है और वह अपने परिवार के साथ जबलपुर के एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा के पास पहुंचे. उन्होंने बताया कि "राजाराम यादव का कहना है कि हमें गंजना से कोई दिक्कत नहीं है, बल्कि हम तो गंजना और अजीत की शादी करवाना चाहते थे. यह सामान्य रिश्ता था. गंजना की नानी ने यह रिश्ता तय किया था और यह अरेंज मैरिज थी. हम गंजना को पहले से नहीं जानते हैं.
20 अप्रैल को इन दोनों की शादी होनी थी. कार्ड भी छप गए थे और रीति-रिवाज भी शुरू हो गए थे, लेकिन इसी बीच गंजना का बॉयफ्रेंड सचिन सामने आ गया. उसने अजीत को कुछ फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग भेजी है. जिसमें सचिन उसके साथ दिख रहा है. सचिन के साथ उसके संबंध थे और एक बार गंजना अबॉर्शन भी करवा चुकी है. इसलिए अब हम शादी नहीं करना चाहते हैं."
- महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मारा, जलाने के बाद शव के किए टुकड़े, फिर खेत में गाड़ा
- 3 फीट के दूल्हा-दुल्हन की प्रेम कहानी, अयोध्या में शादी रचाकर बड़वानी पहुंचे नव दंपति
अब यह ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो-फोटो सामने आने के बाद जबलपुर पुलिस के एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि "हम इस मामले में पूरी जांच करवा रहे हैं और अजीत को न्याय मिलेगा."

