ETV Bharat / state

जजों को धमकाने वालों का क्या हुआ? DGP व ACS ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट को खुद बताया

मध्य प्रदेश में जजों के साथ हो रहे गलत बर्ताव के मामलों में डीजीपी व एसीएस ने हलफनाम प्रस्तुत किया. पुलिस कार्रवाई का ब्यौरा दिया.

Madhya pradesh judges threat
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट जबलपुर (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 9, 2026 at 3:49 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर : मध्य प्रदेश हाई कोर्ट जबलपुर में पुलिस महानिदेशक (DGP) व अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) ने हलफनामा पेश किया. इसमें बताया गया कि न्यायाधीशों को धमकाने के मामले में आवश्क कार्रवाई की गई है. नर्मदापुरम में पदस्थ जज को धमकाने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. दोनों को जेल भेज दिया गया है. अन्य न्यायाधीशों के मामले में भी स्टेटस रिपोर्ट पेश की गई.

सिवनी मालवा की जज को मिली धमकी

जबलपुर हाई कोर्ट जस्टिस आनंद पाठक तथा जस्टिस बीपी शर्मा की तरफ से मध्य प्रदेश में जिला न्यायाधीशों की साथ हुई घटना के संबंध में स्टेटस रिपोर्ट मांगी गई थी. न्यायिक अधिकारियों के आवास तथा न्यायालय परिसर की सुरक्षा को संज्ञान में लेते हुए हाई कोर्ट इन मामलों की सुनवाई जनहित याचिका के रूप कर रही है. हाई कोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान सिवनी मालवा में पदस्थ अतिरिक्त न्यायाधीश तबस्सुम खान को गोवंश तस्करी व मॉब लिंचिंग के मामले में 14 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किये जाने के बाद मिल रही धमकियों को गंभीरता से लिया है.

नर्मदापुरम एसपी ने अतिरिक्त सुरक्षा लगाई

युगलपीठ ने अपने आदेश में कहा था "नर्मदापुरम में हमारे न्यायिक अधिकारी के लिए डर का माहौल बना दिया है. ऐसी गतिविधियां सीधे तौर पर न्यायिक स्वतंत्रता और हमारे न्यायिक अधिकारियों के निडर होकर काम करने में बाधा डालती हैं." युगलपीठ ने उपद्रवियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के संबंध में पुलिस महानिदेशक व अतिरिक्त मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा पेश करने के आदेश जारी किये थे. सुनवाई के दौरान युगलपीठ को बताया गया नर्मदापुरम पुलिस अधीक्षक ने महिला न्यायाधीश को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान की है.

दतिया, कटनी व बैतूल मामलों की जानकारी दी

याचिका पर गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान सरकार की तरफ से दोनों अधिकारियों ने हलफनामा पेश करते हुए युगलपीठ को बताया "महिला जज को सोशल मीडिया पर दी गई धमकी के मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की गई. दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. इसके अलावा दतिया में जज के साथ हुई घटना के संबंध में आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान प्रस्तुत कर दिया गया है. कटनी व बैतूल में जज के साथ हुई घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई जारी है."