जबलपुर में गौरव शिखर सम्मान में 12 विभूतियां सम्मानित, मोहन यादव ने ईश्वरदास रोहाणी को किया याद
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में जबलपुर में गौरव शिखर सम्मान कार्यक्रम का आयोजन. विश्वजीत सिंह राजपूत की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 1, 2026 at 10:37 PM IST
जबलपुर: मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय ईश्वरदास रोहाणी की स्मृति में जबलपुर में गौरव शिखर सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अलग-अलग क्षेत्र में काम करने वाले 12 लोगों को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने क्षेत्र में विशेष काम करने वाले लोगों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान होता है.
द्रोणाचार्य और कृष्ण-सुदामा का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "स्वर्गीय दादा ईश्वरदास रोहाणी का जीवन सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित था." मोहन यादव ने अपने भाषण में द्रोणाचार्य और राज ध्रुपद की कहानी की जानकारी दी. जिसमें उन्होंने बताया कि "किस तरह द्रोणाचार्य ने शिक्षा के माध्यम से अपने शिष्यों का दुरुपयोग किया था वहीं दूसरी तरफ उन्होंने कृष्ण और सुदामा के चरित्र पर भी व्याख्यान दिया, जिसमें उन्होंने बताया कि एक मित्र जब दूसरे मित्र की मदद करता है तो उसको इसका एहसास नहीं होने देता."
12 लोग गौरव शिखर सम्मान से सम्मानित
इस समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में रेखा चुडासमा, समाज सेवा में डॉ. कैलाश गुप्ता, महिला सशक्तिकरण में ज्ञानेश्वरी दीदी, संस्कृति एवं कुटुंब प्रबोधन में नंदलाल गांधी, युवा प्रेरणा के लिए सरबजीत सिंह, वैदिक विद्वान के रूप में पं. रोहित दुबे, उद्योग एवं उद्यमिता में नितिन चंडोक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य में प्रो. डॉ. वाई.आर. यादव, पत्रकारिता में वरिष्ठ पत्रकार श्याम कटारे, सेवानिवृत्त अधिकारी वर्ग में सूबेदार आर.एन. तिवारी, विधि क्षेत्र में पूर्व महाधिवक्ता आर.एन. सिंह तथा न्याय क्षेत्र में पूर्व न्यायाधीश जस्टिस देवव्रत माधव धर्माधिकारी को गौरव शिखर सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया.
- कैलाश विजयवर्गीय की कथित चिट्ठी नया एडीशन, विंध्य से लेकर चंबल तक बीजेपी में ऐसे बढ़ रही दरारें
- कैलाश विजयवर्गीय के लेटर बम के बाद डैमेज कंट्रोलिंग, इंदौर में मोहन यादव का सियासी दरबार
यह आयोजन जबलपुर कैंट के विधायक अशोक रोहाणी की ओर से किया गया. जबलपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी के जन्मोत्सव के मौके पर कई आयोजन हो रहे हैं. यह आयोजन उन्हीं में से एक था. 2 दिन पहले जबलपुर में एक दौड़ का आयोजन भी करवाया गया था जिसमें सैकड़ो लोगों ने हिस्सा लिया था.

