ETV Bharat / state

इंदौर जैसी लापरवाही! जबलपुर में नलों में नालों का पानी, घरों में पहुंचा बदबूदार और कीड़े वाला पेयजल

जबलपुर में नाले की सफाई के दौरान पाइपलाइन टूटी, राजीव गांधी सहित कई वार्डों में पहुंचा बदबूदार और कीड़े-मकोड़े वाला पानी.

Jabalpur dirty water supply
जबलपुर में घरों में पहुंचा बदबूदार और कीड़े वाला पेयजल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 8, 2026 at 2:47 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर: इंदौर में गंदे पानी की वजह से कई लोगों की जान चली गई थी, इस घटना के बाद पूरे मध्य प्रदेश में पीने के पानी की सप्लाई में गंदे नालों का मिश्रण रोकने के लिए एक अभियान चलाया गया था, लेकिन इसके बावजूद अभी भी शहर में कई स्थानों पर ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि पीने के पानी में गंदगी आ रही है. जबलपुर के राजीव गांधी वार्ड में नाले का पानी ही घरों में पहुंच गया. लोगों का कहना है कि कुछ दिनों से थोड़ा-थोड़ा गंदा पानी आ रहा था. लेकिन बुधवार को एकदम गंदा पानी आया है.

पीने वाले पानी में बदबू और कीड़े-मकोड़े

जबलपुर के दमोह नाका के पास राजीव गांधी वार्ड, शांति नगर और छोटा फुहारा इलाके में लोगों के घरों में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घर में आने वाला पानी फिल्टर प्लांट का तो नहीं है. पानी में तीखी बदबू, कीड़े-मकोड़े हैं. मतलब साफ है कि यह पानी किसी नाले से उनके घर सप्लाई हो रहा है.

जबलपुर में नाले की रफाई के दौरान पाइपलाइन टूटी (ETV Bharat)

बदबूदार पानी से बुजुर्ग परेशानी

विजय लक्ष्मी नायडू एक सीनियर सिटीजन हैं और वे अपने पति के साथ जबलपुर में रहती हैं. बच्चे बाहर रहते हैं. ऐसी स्थिति में जब उनके घर में गंदा पानी पहुंचा तो वह पानी की तीखी बदबू से परेशान हो गई. क्योंकि उनके पास पीने के पानी का यही एक मात्र स्रोत है और कोई घर में ऐसा नहीं है जो बाहर से साफ पानी ला सके. विजय नायडू का कहना है कि, ''इसी पानी से उन्हें रोजमर्रा के कामकाज करने पड़ रहे हैं. यहां तक की पीने के लिए भी यही पानी इस्तेमाल करना पड़ रहा है.''

नगर निगम पर लापरवाही के आरोप

राजीव गांधी बढ़ निवासी रूबी त्रिपाठी ने बताया, "हल्का-हल्का गंदा पानी कई दिनों से आ रहा था, लेकिन आज पानी कुछ ज्यादा ही गंदा हो गया है. इसलिए इसका इस्तेमाल हम फिलहाल पीने के लिए नहीं कर रहे हैं, क्योंकि यह फिल्टर से भी साफ नहीं हो रहा है. जिस स्थान पर यह गंदा पानी आ रहा है वहीं पर पनागर विधानसभा के विधायक सुनील तिवारी भी रहते हैं. इसके साथ ही नगर निगम के कई अधिकारियों और कई अधिवक्ताओं का घर भी इसी क्षेत्र में है, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम की लापरवाही स्पष्ट नजर आती है."

drain water supply in home
नगर निगम पर लापरवाही के आरोप (ETV Bharat)

नाले में पाइलाइन लीक

मोहल्ले के लोगों ने जब इस पानी की पाइपलाइन की पड़ताल की तो पास के ही एक नाले में उन्हें खुली हुई पाइपलाइन स्पष्ट नजर आ गई. क्योंकि जब पानी की सप्लाई यहां से होती है तो नाली के अंदर से बुलबुले निकलना शुरू हो जाते हैं. इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब सर्कुलेट हो रहा है.

जल्द ठीक करने का आश्वासन

जबलपुर नगर निगम में मेयर इन काउंसिल में जल विभाग के प्रभारी दामोदर सोनी ने कहा, "जिस जगह से गंदा पानी पीने के पानी की पाइप लाइन में गया है. वहां पर विभाग ने जेसीबी के माध्यम से सफाई करवाई थी, जिसकी वजह से पाइपलाइन टूट गई थी और पाइपलाइन में गंदा पानी चला गया था. इसे जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा."

jabalpur drinking water crisis
पीने वाले पानी में तीखी बदबू और कीड़े-मकोड़े (ETV Bharat)

मध्य प्रदेश के इंदौर में गंदा पानी को पीने की वजह से कई लोगों की मौत हो गई थी. यही मौसम है जब गंदे पानी की वजह से लोग बैक्टीरिया वायरस इंफेक्शन की वजह से बीमार हो जाते हैं. ऐसे में प्रशासन को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए.