शर्त लगाकर ट्रेन पर पत्थर मारते थे बच्चे, रेलवे हुआ परेशान, करनी पड़ी अपील
जबलपुर में पुलिस ने रेलवे की शिकायत पर लिया संज्ञान, पत्थर और शराब की बोतल फेंकने वालों को पकड़ा.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 7:25 PM IST
|Updated : January 2, 2026 at 7:41 PM IST
जबलपुर: रेलवे से यात्रा करते वक्त यदि अचानक से खिड़की या रेलवे कंपार्टमेंट पर कोई पत्थर आकर गिरता है, तो अंदर बैठे यात्री डर जाते हैं. ट्रेन में इस तरह के पत्थर मारने की कई शिकायतें सामने आ रही थी. जिस पर एक्शन लेते हुए प्रशासन ने कुछ बच्चों को पकड़ा है. पता चला है कि ये बच्चे ट्रेन में पत्थर मारते थे. इसके साथ ही रेलवे ने जिला प्रशासन से एक शराब दुकान को हटाने की मांग दी की है, क्योंकि शराबी ट्रेन पर शराब की बोतल फेंकते हैं.
ट्रेन पर पत्थर फेंकने की शिकायत
इस रेललाइन पर जबलपुर का शोभापुर का फाटक पड़ता है. यहां पर एक ओवर ब्रिज भी है. इसी फाटक के पास में बीते कई दिनों से यात्रियों ने रेलवे पुलिस को यह शिकायत की थी, कि कुछ लोग चलती ट्रेन पर पत्थर बरसाते हैं. इसकी वजह से रेल गाड़ियों के शीशे टूटे, कई बार यह पत्थर यात्रियों को भी लगे. चलती ट्रेन पर पत्थर बंदूक की गोली की तरह काम करता है. ऐसे पत्थर की वजह से किसी की भी जान भी जा सकती है.
शराब की बोतलें भी फेंक रहे शराबी
यहीं पर रेल फाटक के ठीक पास में एक शराब की दुकान भी है. यहां पर भी लोग शराब पीकर अक्सर ट्रेन के ऊपर बोतल फेंकते हैं. पत्थर और बोतल फेंकने के लगभग 25 मामले सामने आ चुके हैं. जब यह दोनों ही समस्याएं रेलवे के सामने आई तो आरपीएफ ने इस इलाके में गस्ती शुरू की. मौके से 10 बच्चों को पकड़ा. इन बच्चों के हाथ में पत्थर थे.

शर्त लगाकार पत्थर फेंकते थे बच्चे
आरपीएफ के अधिकारियों ने इन बच्चों और उनके परिवार के लोगों को ऑफिस में बुलाया. बच्चों से पूछताछ की तो, पता लगा कि बच्चे शर्त लगाकर ट्रेन में निशाना लगाते हैं कि किसका पत्थर कहां लग रहा है. इसी दौरान कई बार पत्थर खिड़की और दरवाजों पर लगे. जिसकी वजह से यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई. आरपीएफ ने इन बच्चों और उनके परिजनों को समझाइश दी. बच्चों को हिदायत दी गई है कि अबकी बार यदि ऐसा करते हुए पाए गए, तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा.
- रतलाम में 182 की स्पीड से दौड़ी वंदे भारत स्लीपर, गिलास से नहीं छलकी पानी की एक बूंद
- विदिशा को बड़ी रेल सौगात, इन दो एक्सप्रेस ट्रेनों का मिला स्टॉपेज, केंद्रीय मंत्री शिवराज ने की घोषणा
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के इंस्पेक्टर राजीव का कहना है कि "हमने जबलपुर जिला प्रशासन को भी पत्र लिखा है. जिसमें शोभापुर फाटक के पास की शराब दुकान को हटाने की मांग की गई है. उन्होंने कहा हमें जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही यह दुकान अलग कर दी जाएगी.

