बुजुर्ग महिला की नगदी और गहने पोटली में बांधे, जब खोली तो पत्थर व कागज निकले
इटारसी रेलवे स्टेशन पर दो बदमाशों ने झांसा देकर बुजुर्ग के गहने और नगदी ठगी. घटना सीसीटीवी में कैद. राकेश पटेल की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 22, 2026 at 6:07 PM IST
|Updated : August 22, 2026 at 7:36 PM IST
नर्मदापुरम : घर से बाजार खरीदारी करने निकली बुजुर्ग महिला ठगों के जाल में फंस गई. दो बदमाशों ने वृद्धा को इटारसी रेलवे स्टेशन पर भरोसे में लिया. दोनों बदमाशों ने वृद्धा से मीठी-मीठी बाते बड़े अदब से करके दिल जीत लिया. दोनों ने वृद्धा से कहा "आप सोने के गहने पहने हुए हैं और पर्स में नगदी भी है. रेलवे स्टेशन पर लुटेरे घूमते हैं. इसलिए अम्माजी आप गहने उतारकर व पर्स से नगदी निकालकर एक पोटली में रख लो और पोटली अपने हाथ में लिए रहो."
दोनों बदमाशों ने महिला को भरोसे में लिया
जीआरपी थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार साई कॉलोनी निवासी चम्पाबाई 20 अगस्त, 2026 को सामान खरीदने के लिए घर से निकली थीं. रेलवे स्टेशन के पास उन्हें एक युवक मिला. उसने बताया कि "वह बाहर से आया है और उसके पास काफी रुपए हैं. लेकिन उसे लुटेरे भी नहीं लूट सकते क्योंकि उसने अपने रुपये एक पोटली में रखे हुए हैं." इसी दौरान दूसरा युवक वहां पहुंचा, जोकि उसका ही साथी था. दोनों ने महिला को स्टेशन छोड़ने की बात कही.
महिला ने गहने उतार कर बदमाश को दिए
महिला उनके साथ रेलवे स्टेशन पहुंच गई. इसके बाद पुराने टिकट घर के पास दोनों युवकों ने उससे कहा कि वह अपने गहने उन्हें दे दे. झांसे में आकर महिला ने गले की 10 ग्राम वजन की सोने की दानी, एक जोड़ी सोने के आभूषण और 4 हजार रुपए नकद दे दिए. युवकों ने गहनों को कपड़े में बांधने का नाटक किया. इसके बाद एक युवक ने महिला को भरोसा दिलाया कि वह दूसरे युवक को टिकट दिलाकर ट्रेन में बैठाकर आता है, आप यहीं इंतजार करो. महिला वहीं बैठी रही.

- महिलाओं से संबंध बनाकर करोड़ों की ठगी, उज्जैन पुलिस के हत्थे चढ़ा जयपुर का आरोपी
- जबलपुर में फिर 22 लाख की ठगी, डिजिटल अरेस्ट के दौरान बुजुर्ग ने तुड़वाई बैंक की FD
बेटे के साथ जीआरपी थाना पहुंची महिला
कुछ देर बाद उसने अपनी पोटली खोलकर गहने पहनने की कोशिश की तो उसके होश उड़ गए. कपड़े में गहनों की जगह पत्थर बंधे थे. दूसरी पोटली में भी गहनों की जगह कागज रखे मिले. महिला ने स्टेशन पर रोते हुए मदद की गुहार लगाई. पुलिसकर्मी की सलाह पर उसने अपने बेटे राजेंद्र रघुवंशी को फोन कर बुलाया. बेटे के साथ वह जीआरपी इटारसी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. सीसीटीवी में महिला ने दोनों बदमाशों की पहचान कर ली. जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया "आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बनाई है."

