यूनिवर्सिटी में IT छात्र ने हॉस्टल में की खुदकुशी की कोशिश, हिमाचल के सोलन में दिल दहला देने वाली घटना
यूनिवर्सिटी में स्थिति तनावपूर्ण. छात्र को गंभीर हालत में IGMC शिमला रेफर किया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 16, 2026 at 10:45 AM IST
|Updated : April 16, 2026 at 11:00 AM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में एक बार फिर छात्र द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. वाकनाघाट में स्थित प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में आईटी (Information Technology) छात्र ने हॉस्टल से कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया है. फिलहाल छात्र की गंभीर हालत है उसे IGMC शिमला रेफर किया गया है. इस घटना को लेकर यूनिवर्सिटी में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है.
यूनिवर्सिटी में छात्र ने की खुदकुश की कोशिश
यूनिवर्सिटी में छात्र खुदकुशी की कोशिश मामले में एसपी सोलन अभिषेक शेखर का कहना है, "बुधवार देर रात जेपी यूनिवर्सिटी में आईटी छात्र ने आत्महत्या करने का प्रयास किया है. फिलहाल अभी वह बयान देने की हालत में नहीं है. उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है. पुलिस पूरे प्रकरण में गहनता से जांच कर रही है. विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भी इसको लेकर बात की जा रही है."
छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में की नारेबाजी
वहीं, छात्र द्वारा आत्महत्या जैसे खौफनाक कदम उठाए जाने का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हॉस्टल में रह रहे छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया और WE WANT JUSTICE के नारे भी लगाए. छात्रों का कहना है कि, हिमाचल प्रदेश में सोलन जिला को एजुकेशन हब के नाम से जाना जाता है, लेकिन एक ही माह में विश्वविद्यालयों में आत्महत्या का दूसरा मामला सामने आने के बाद कहीं न कहीं अब शिक्षण संस्थानों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं. वहीं, परिजनों में भी इसको लेकर चिंता का माहौल बन गया है.

पहले भी जिले में प्राइवेट यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र ने की आत्महत्या
इससे पहले भी सोलन जिले में एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी (शूलिनी विश्वविद्यालय) में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया था.मृतक युवक पहले इसी यूनिवर्सिटी में MBA का स्टूडेंट था. उसके बाद यूनिवर्सिटी द्वारा एक कंपनी के जरिए इसी संस्थान में उसका प्लेसमेंट भी किया गया था. लेकिन, SFI (स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने आरोप लगाए हैं कि जो सैलरी उसे जॉब लगने से पहले बताई गई थी उसे वह बाद में नहीं मिली, जिसके चसते वह काफी तनाव में था. फिलहाल, इस मामले में भी सोलन पुलिस जांच कर रही है. वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा भी इसको लेकर कमेटी का गठन किया गया था.
ये भी पढ़ें: दो महिलाओं ने बस कंडक्टर पर कर दी चप्पलों की बरसात, अश्लील इशारे करने का लगाया आरोप, क्रॉस FIR दर्ज

