झारखंड बजट सत्रः दूसरे दिन सदन में छाया रहा नगर निकाय चुनाव से लेकर जेपीएससी का मुद्दा
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन नगर निकाय चुनाव से लेकर जेपीएससी का मुद्दा सदन में छाया रहा.

Published : February 19, 2026 at 3:02 PM IST
रांचीः झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन के अंदर-बाहर सत्तापक्ष-विपक्ष आमने सामने होता रहा. विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी नगर निकाय चुनाव के बहाने सरकार पर हमला बोलते दिखे.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में केंद्रीय बलों की प्रति नियुक्ति की मांग के साथ-साथ दलीय आधार पर चुनाव कराने का आग्रह लगातार भारतीय जनता पार्टी के द्वारा की जाती रही है इसके बावजूद सरकार इसे नहीं माना. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि जेएमएम खुद चुनाव के दौरान नियमों का उल्लंघन करती रही है.ऐसे में यह चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होने पर संशय है.
धान की अच्छी पैदावार के बाबजूद सरकार नहीं खरीद पाई- नीरा यादव
भाजपा विधायक नीरा यादव राज्य में धान खरीद की स्थिति पर तल्ख टिप्पणी करती नजर आईं. सदन के अंदर बाहर नीरा यादव इस मुद्दे पर मुखर रहीं. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में इस बार धान की अच्छी पैदावार होने के बावजूद सरकार धान नहीं खरीद पा रही है. आज ही समाचार पत्रों में आया है कि धान खरीद बंद हो चुका है यदि सरकार इस पर गंभीर रहती तो किसानों को धान खरीद के माध्यम से अच्छी खासी आमदनी होती लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं किया. उन्होंने सत्तापक्ष पर जनता के सवालों का जवाब देने से भागने का आरोप लगाते हुए कहा कि बजट सत्र के दौरान वो जनहित के मुद्दे उठाती रहेंगी.
बजट सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही दिन के 11 बजे से शुरू हुई. इस दौरान प्रदीप यादव ने जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का मुद्दा शुन्यकाल में उठाया. उन्होंने अधिकतम आयु सीमा 2026 करने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी और इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी के वंचित रहने पर सरकार को ध्यान आकृष्ट कराया. प्रदीप यादव के सवाल पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गंभीर हैं और वंचित अभ्यर्थियों को जल्द परीक्षा में शामिल करने पर विचार किया जाएगा.
जेपीएससी सिविल सेवा के लिए उम्र में छूट मिलना चाहिए- जयराम महतो
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो ने भाग लिया. सत्र के पहले दिन सदन में दिये गए राज्यपाल के अभिभाषण पर विधायक जयराम महतो ने कहा राज्यपाल के अभिभाषण में वही जिक्र किया जो सरकार लिख कर देती है. सरकार की उपलब्धियों को बताया जाता है. छात्रों के हितों को लेकर छात्रवृत्ति को लेकर बात नहीं करते है लेकिन विदेश यात्राओं को लेकर सदन में जरूर बताया गया.
मुख्यमंत्री को विदेश से आकर एक प्रेस कॉन्फ्रेस करना चाहिए था. कुल मिलाकर उनको अपने देश के उद्योगपति के साथ यहां भी समझौता कर सकते थे लेकिन वह विदेश जाकर समझौता करते हैं. राज्यपाल का अभिभाषण से झारखंड की जनता को कोई खास बात नहीं दिखाई दिया.
जेपीएससी सिविल सर्विस का कटआउट डेट अगस्त 2018 हो- जयराम महतो
विधायक जयराम महतो ने कहा कि झारखंड में अब तक 09 बार ही जेपीएससी सिविल सर्विस का एग्जाम हुआ है जबकि इस बार 26वां JPSC होना था. जब पिछली बार की परीक्षा का कट डेट अगस्त 2017 था तो इस बार भी विज्ञापन संख्या 01/26 का के लिए उम्र सीमा की गणना 01 अगस्त 2018 तक होना चाहिए. जयराम महतो ने कहा कि निजी संस्थानों में 75% स्थानीय को लेकर आरक्षण को लेकर दिया गया बयान सही नहीं है और एक सीएम को यह बयान देना शोभा नहीं देता है.
इसे भी पढ़ें- बजट सत्र का दूसरा दिनः हाथी के मुद्दे पर आजसू विधायक का धरना, झामुमो के हेमलाल ने किया परिसीमन का विरोध
इसे भी पढ़ें- विकास, निवेश और सुशासन का रोडमैप, राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र शुरू, दावोस-लंदन से 1.27 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
इसे भी पढ़ें- बजट सत्र के पहले दिन झारखंड विधानसभा में दी गई श्रद्धांजलि, दिवंगत प्रबुद्धजनों की स्मृति में दो मिनट का मौन

