ETV Bharat / state

बीजेपी पर भड़के मंत्री इरफान अंसारी, कहा- ये लोग नहीं हैं हिंदुस्तानी, निशिकांत दुबे पर कही ये बात

बजट सत्र के दूसरे दिन इरफान अंसारी ने बीजेपी और निशिकांत दुबे पर जोरदार हमला किया.

JHARKHAND ASSEMBLY BUDGET SESSION
इरफान अंसारी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 19, 2026 at 3:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सदन की कार्यवाही में पहले हाफ में हिस्सा लेने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विपक्षी बीजेपी और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोला. उन्होंने बीजेपी विधायकों को सदन की गरिमा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि सदन जनता के पैसे से चलता है और विधायकों का कर्तव्य है कि वे जनता की समस्याओं को सदन में उठाएं.

डॉ. अंसारी ने कहा, “सदन जनता के पैसे से चलता है. जनता की समस्याएं सदन में उठनी चाहिए. मेरी बीजेपी विधायकों से अपील है कि वे नेता प्रतिपक्ष की बात मानें और सदन की मर्यादा बनाए रखें.” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी विधायक का सदन में रहना या न रहना उसका व्यक्तिगत निर्णय है, लेकिन सदन की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

इरफान अंसारी का बयान (ETV Bharat)

निशिकांत दुबे को झारखंड से लोकसभा नहीं जीतने देंगे- इरफान अंसारी

गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बारे में की गई टिप्पणी को दुखद बताते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि अब हम निशिकांत दुबे को झारखंड से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद नहीं बनने देंगे. उन्होंने बीजेपी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका स्वभाव पूरी तरह बीजेपी नेताओं के उलट है. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि बीजेपी के लोग भारतीय हैं ही नहीं. अंग्रेज इस देश से चले गए, लेकिन उनके गुणों को बीजेपी नेताओं ने अपना लिया है.

इरफान अंसारी ने ये भी कहा कि उन्हें लगता है कि बीजेपी के लोग हिंदुस्तानी हैं ही नहीं उन्होंने बीजेपी को अंग्रज का दूसरा रूप बताया. उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लगता है कि अंग्रेज चले गए और उनकी मानसिकता को बीजेपी के लोग आगे बढ़ा रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्री ने झारखंड में बीजेपी के विधायकों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि झारखंड से बीजेपी के 12 विधायक हैं, जिनमें से 9 विधायक दूसरे राज्यों के हैं. यह दुखद है कि छत्तीसगढ़ से आया व्यक्ति यहां आकर मुख्यमंत्री बन जाता है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यहां के लोग अगर आप पर विश्वास करते हैं, तो उसके पीठ में छुरा नहीं भोंकना चाहिए.

महागठबंधन मजबूत, 25 साल तक सेवा करेंगे- स्वास्थ्य मंत्री

कांग्रेस विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया कि राज्य में महागठबंधन बेहद मजबूत है. उन्होंने कहा, “बीजेपी वाले मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखते रहें, लेकिन यहां महागठबंधन अटूट है. झारखंड की 27 प्रतिशत आदिवासी आबादी, 17 प्रतिशत अल्पसंख्यक आबादी और अन्य वर्गों के सहयोग से हम पांच साल नहीं, बल्कि 25 साल तक जनता की सेवा करते रहेंगे.” उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन सरकार जनता के हित में काम कर रही है और आने वाले समय में भी यह सिलसिला जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें:

बाबूलाल जी को मैं बहुत हल्के में लेता हूं, उनका काम ही है ट्वीट करना- स्वास्थ्य मंत्री

अल्पसंख्यक सिर्फ वोट देने के लिए नहीं है, हमें भी अपनी हिस्सेदारी चाहिए: मंत्री इरफान अंसारी