ETV Bharat / state

Iran-Israel Conflict Impact : बारां जिले के 7 लोग दुबई में फंसे, PM मोदी और गृह मंत्री से वतन वापसी की लगाई गुहार

​युद्ध के चलते दुबई में फ्लाइट्स रद्द होने से बारां जिले के 7 लोग दुबई में फंसे हुए हैं. अब वतन वापसी का इंतजार...

Khandelwal and Garg families exploring Dubai
दुबई में घूमते हुए खंडेलवाल और गर्ग परिवार (Photo : Sanjay Chaurasia, baran)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 8:47 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बारां: जिले के हरनावदा शाहजी कस्बे के व्यापारी नरेन्द्र खंडेलवाल और नवल किशोर गर्ग अपने परिवार सहित दुबई घूमने गए थे. साथ ही बारां का पतिरा परिवार भी दुबई गया हुआ था, लेकिन युद्ध के चलते भारत लौटने वाली फ्लाइट रद्द होने के कारण वे शनिवार से 3 परिवारों के 7 लोग दुबई में ही फंसे हुए हैं.

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार चित्रक पतिरा, पत्नी जिग्नेशा पतिरा और बेटे हेतांश पतिरा के साथ अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाने 21 फरवरी को दुबई गए थे. 28 फरवरी को वतन वापसी तय थी, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने से परिवार दुबई में ही अटक गया. परिवार आबू धाबी भी घूमकर आया था, लेकिन दुबई लौटने के बाद उड़ानें रद्द होने से यात्रा अधर में रह गई.

पढ़ें:ईरान-अमेरिका युद्ध का असर: जयपुर एयरपोर्ट से दुबई, शारजाह और अबूधाबी की फ्लाइट्स कैंसिल

बारां में परिजन चिंता में : WhatsApp Messenger से संपर्क हो रहा है, लेकिन फोन और वीडियो कॉलिंग बंद बताई जा रही है. 25 फरवरी को चित्रक पतिरा की शादी की 25वीं सालगिरह थी, जिसे परिवार ने दुबई में मनाया. चित्रक पतिरा ने दुबई से वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वतन वापसी की मांग की है. परिजन सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

वहीं, अब तक बारां जिले के 3 परिवार के कुल 7 लोग दुबई में फंसे हुए हैं, जिनमें 4 लोग हरनावदा शाहजी के हैं और 3 बारां शहर के निवासी हैं. चित्रक पतिरा ने दुबई से एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह से जल्द वतन वापसी की गुहार लगाई है. हालांकि, दुबई में फिलहाल सभी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के कारण भारत लौटने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. अब वे नई फ्लाइट मिलने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि जल्द अपने घर लौट सकें. इधर उनके परिजन और परिचित लगातार उनके संपर्क में हैं और उनके सुरक्षित लौटने की कामना कर रहे हैं.

पढ़ें: ईरान के युद्ध के कारण फ्लाइट निरस्त, RCA के पूर्व उपाध्यक्ष, उज्जैन महाकाल मंदिर के पुजारी सहित कई दुबई में फंसे

व्यापारी नरेंद्र खंडेलवाल एवं नवल किशोर गर्ग के परिजनों ने बताया कि वे छह दिन पहले दुबई घूमने गए थे. 1 मार्च को वापसी की फ्लाइट थी, लेकिन युद्ध के कारण अचानक फ्लाइट रद्द हो गई. ईमेल पर इसकी सूचना दी गई. जिस होटल में वे रूके थे, वहां से निर्धारित समय पर चेकआउट करना पड़ा. इसके बाद मजबूरन खुद दूसरी होटल बुक करानी पड़ी. ​खंडेलवाल ने बताया कि दुबई में माहौल फिलहाल शांत है, लेकिन अनिश्चितता के कारण पर्यटक डरे हुए हैं. रविवार को अधिकांश लोग होटलों में ही कैद रहे. सड़कों पर यातायात बेहद कम रहा और केवल जरूरी सेवाएं ही संचालित होती दिखीं.

व्यापारी नरेंद्र खंडेलवाल ने इंटरनेट कॉल पर बताया कि अभी उन्हें होटल में रूकने के लिए अतिरिक्त शुल्क और टैक्स देना पड़ रहा है. दुबई सरकार की ओर से होटल में रूकने पर अतिरिक्त टैक्स लगाने से खर्च और बढ़ गया. खाने-पीने की व्यवस्था भी अपने स्तर पर ही करनी पड़ रही है. रविवार को अधिकांश पर्यटक होटल में ही रूके रहे. कोई भी पर्यटक घूमने के लिए बाहर नहीं निकला. फ्लाइट कैंसिल होने से पर्यटकों में चिंता है.

​परिजन कर रहे सुरक्षित वापसी की दुआ : नवल किशोर गर्ग के भाई पवन कुमार ने बताया कि परिवार सुरक्षित है, लेकिन फ्लाइट्स को लेकर स्थिति साफ नहीं होने से चिंता बनी हुई है. इधर, हरनावदा शाहजी कस्बे में भी उनके शुभचिंतक और परिजन लगातार संपर्क में हैं और उनकी जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. फिलहाल, दोनों परिवार दुबई के एक होटल में नई फ्लाइट मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं.