हल्द्वानी में आईपीएल सट्टेबाजी गैंग का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार, कैश भी बरामद
आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल , हिसाब-किताब से भरा एक रजिस्टर, 51 हजार रुपये नकद बरामद किए गये हैं.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 21, 2026 at 5:35 PM IST
हल्द्वानी: पुलिस ने हल्द्वानी में आईपीएल सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. मुखानी पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों समेत पांच आरोपियों को आईपीएल सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार किया है. आरोपी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से रोजाना लाखों का सट्टा चला रहे थे. पुलिस ने सट्टेबाजों के पास से नकदी, मोबाइल और रजिस्टर बरामद किए हैं.
हल्द्वानी में आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखानी थाना पुलिस और एसओजी टीम को लंबे समय से शहर में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं. इसी के आधार पर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक सट्टा गैंग को गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रवि गुप्ता, रोहित गुप्ता, मोहित प्रसाद समेत पांच लोग शामिल हैं. इनमें दो आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं. जांच में सामने आया है कि यह गिरोह आईपीएल मैचों के दौरान रोजाना करीब 7 से 8 लाख रुपये का सट्टा संचालित कर रहा था. आरोपी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए लोगों से संपर्क कर दांव लगवाते थे. कुछ लोगों से सीधे नकद लेनदेन भी किया जाता था.
पुलिस का दावा है कि अब तक यह गिरोह करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये का सट्टा करा चुका है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल , हिसाब-किताब से भरा एक रजिस्टर, 51 हजार रुपये नकद बरामद किए गये हैं. बरामद मोबाइल और रजिस्टर की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल सीजन के दौरान सट्टेबाजी पर लगातार नजर रखी जा रही है. इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बता दें प्रदेश के अलग अलग जिलों में उत्तराखंड पुलिस ऑपरेशन प्रहार के तहत सट्टेबाजों पर कार्रवाई कर रही है.बीते रोज ही उधम सिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, 92 हजार रुपए कैश और सट्टेबाजी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार बरामद की गई थी.
पढे़ं- उधम सिंह नगर में IPL सट्टेबाजी का भंडाफोड़, लैपटॉप, 5 मोबाइल और नकदी बरामद, एक अरेस्ट
पढे़ं- अल्मोड़ा में IPL सट्टेबाज चढ़ा पुलिस के हत्थे, डेढ़ लाख से ज्यादा की नकदी बरामद
पढे़ं- हल्द्वानी: IPL शुरू होते ही शुरू हुआ सट्टेबाजी का खेल, पुलिस मुस्तैद

