ETV Bharat / state

धर्मशाला में IPL मैचों की टिकटों के बढ़े रेट, 22 हजार में सबसे महंगा, जानें सबसे सस्ते गेट पास के दाम

प्रीमियम श्रेणियों में टिकटों की कीमत 22,500 रुपये है. यानी एक साल के भीतर टिकट दरों में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

धर्मशाला में IPL मैचों की टिकटों के बढ़े रेट
धर्मशाला में IPL मैचों की टिकटों के बढ़े रेट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 7, 2026 at 7:47 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धर्मशाला: एचपीसीए के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मुकाबलों का उत्साह इस बार टिकटों की आसमान छूती कीमतों के कारण फीका पड़ता नजर आ रहा है, जहां एक ओर हिमाचल का खूबसूरत स्टेडियम क्रिकेट प्रेमियों के लिए हमेशा खास आकर्षण रहा है, वहीं इस बार बढ़ी हुई कीमतों ने बड़ी संख्या में दर्शकों को असमंजस में डाल दिया है.

पिछले साल तक 1200 से 2000 रुपये के बीच मिलने वाली टिकटें अब सीधे 2500 रुपए से शुरू हो रही हैं. यही नहीं, प्रीमियम श्रेणियों में टिकटों की कीमत 22,500 रुपये तक पहुंच गई है. यानी एक साल के भीतर टिकट दरों में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. सबसे बड़ा असर मध्यम वर्गीय दर्शकों पर पड़ा है, जो हर साल परिवार या दोस्तों के साथ मैच देखने का प्लान बनाते थे. अब उनके लिए स्टेडियम जाना एक महंगा सौदा बन गया है. कई क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि अब टीवी या मोबाइल पर मैच देखना ही बेहतर विकल्प लग रहा है.

प्लेऑफ के खेले जाएंगे तीन मुकाबले

बता दें कि इस बार धर्मशाला में 11, 14 और 17 मई को तीन मुकाबले खेले जाने हैं, लेकिन मैच टिकटों की बढ़ी हुई कीमतों के कारण स्टेडियम की सीटें भरना भी एक चुनौती बन सकता है. टिकटों की बिक्री ऑनलाइन शुरू हो चुकी है, जबकि ऑफलाइन काउंटर को लेकर अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है. वहीं, आज शाम तक पंजाब किंग्स की टीम धर्मशाला पहुंच जाएगी. विशेष विमान से पंजाब की टीम कांगड़ा एयरपोर्ट पर उतरेगी. इसके बाद सड़क मार्ग से टीम को धर्मशाला पहुंचाया जाएगा.

आईपीएल में टिकट बिक्री का अधिकार पूरी तरह से फ्रेंचाइजी के पास होता है. इसमें एचपीसीए की कोई भूमिका नहीं होती है और टिकट के दाम पूरी तरह फ्रेंचाइजी द्वारा निर्धारित किए जाते हैं.-सचिव मनुज शर्मा, एचपीसीए सचिव

बहीं, हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि धर्मशाला का खूबसूरत HPCA स्टेडियम इस बार आईपीएल के पहले क्वालीफायर (Qualifier 1) की मेजबानी करेगा. बीसीसीआई की ओर से जारी क्वालीफायर वेन्यू के मुताबिक आईपीएल 2026 के प्लेऑफ शेड्यूल के अनुसार, 26 मई को होने वाला पहला क्वालीफायर धर्मशाला के खूबसूरत एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा.

एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने कहा कि प्रदेश के लिए 'गौरव की बात है कि आईपीएल के इस सीजन में प्लेऑफ का पहला क्वालीफायर मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा. इससे पहले यहां आईपीएल के तीन अहम मुकाबले खेले जाएंगे. प्लेऑफ मुकाबले के लिए आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और बीसीसीआई के पदाधिकारियों का आभार.'

ये भी पढ़ें: HPCA धर्मशाला में खेला जाएगा IPL क्वालीफायर का ये मुकाबला, यहां होगा इस साल का फाइनल