सीसीएल में कौन है जयचंद! वर्कशॉप पर हमला और कोयला चोरी की घटना के बाद संयुक्त अभियान शुरू, हो रहे चौंकाने वाले खुलासे
गिरिडीह सीसीएल में कोयला चोरी और हमले को लेकर प्रबंधन ने प्रशासन ने मिलकर कार्रवाई की रणनीति तैयार की है.

Published : January 10, 2026 at 2:49 PM IST
गिरिडीह: सीसीएल गिरिडीह कोलियरी के वर्कशॉप पर हमला और कोयला चोरी की घटनाओं को देखते हुए सीसीएल प्रबंधन और प्रशासन ने संयुक्त अभियान शुरू किया है. अभियान के तहत अपराधियों को चिन्हित करने का काम किया जा रहा है. साथ ही अपराधियों के साथ सुरक्षा गार्ड, होम गार्ड या सीसीएल कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार सीसीएल प्रबंधन और पुलिस के निशाने पर अभी डेढ़ दर्जन लोग हैं. इन डेढ़ दर्जन लोगों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. इनमें कुछ सुरक्षाकर्मी, कुछ सीसीएल कर्मी के साथ होमगार्ड के जवान और आउटसोर्स के भी कुछ कर्मी शामिल हैं. ऐसे में कह सकते हैं कि कोयला चोर और अपराधियों के खिलाफ अभियान की शुरुआत घर के भेदियों से की जा रही है.
वर्कशॉप कांड की जांच में चौंकने वाले खुलासे
दरअसल, पिछले दिनों सीसीएल के वर्कशॉप पर अपराधियों ने धावा बोला था. यहां कथित तौर पर तीन गार्ड को बंधक बनाते हुए 25 हजारों के सामान के साथ डीवीआर पर भी अपराधियों ने हाथ साफ किया था. ड्यूटी पर मौजूद गार्डों ने पुलिस को बताया था कि अपराधी दो दर्जन से अधिक की संख्या में थे. घटना के बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार ने एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव के अलावा इंस्पेक्टर सह मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो को मामले की गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया था. पुलिस ने जब जांच की तो गार्डों के बयान और मौका-ए-वारदात में काफी कुछ असमानता पाई गई. हालांकि यह साफ हुआ कि कुछ सामानों पर हाथ साफ किया गया और डीवीआर को गायब कर दिया गया.

जांच में यह भी बात सामने आयी कि दिसंबर 2025 के अंत और 2026 की शुरुआत में वर्कशॉप में चोरी हुई थी. इस चोरी के दौरान नकाबपोश अपराधी वर्कशॉप के अंदर दाखिल हुए थे. इन नकाबपोश अपराधियों में से एक का नकाब खुल गया था, जो वर्कशॉप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था. वर्कशॉप में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दरमियान यह बात समाने आयी. अब जब इस फुटेज की मांग सीसीएल सुरक्षा विभाग ने की तो उसके बाद ही अपराधी फिर से वर्कशॉप के अंदर आए और डीवीआर खोलकर ले गए. ऐसे में पुलिस इस मामले को लेकर गंभीर है.
जीएम के साथ बैठक कर कार्रवाई की योजना तैयार
वर्कशॉप की जांच और सीसीएल सीपी साइडिंग के साथ-साथ कबरीबाद माइंस में कोयला चोरी की घटना की जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि कुछ लोग हैं जो कोयला चोरों के साथ-साथ अपराधियों को शह देने का काम कर रहे हैं. ऐसे में इस मामले को लेकर जीएम गिरीश राठौर, पीओ जीएस मीणा, मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, सीसीएल के पदाधिकारी राजवर्धन कुमार और अवर निरीक्षक संजय कुमार ने बैठक की.
बैठक में यह तय हुआ कि संदिग्ध कर्मियों न सिर्फ पहचान की जाएगी, बल्कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी. सबूत पर्याप्त मिलते ही कार्रवाई तय है. जीएम गिरीश राठौर ने साफ कहा कि “जिस किसी कर्मी की संलिप्तता पाई जाएगी उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई तो होगी ही, साथ ही दंड के तौर पर काफी दूर ट्रांसफर भी किया जाएगा.”

पुलिस ने मारा छापा, मचा हड़कंप
दूसरी तरफ शनिवार की सुबह मुफस्सिल थाना के इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस अभियान में अवर निरीक्षक संजय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राधेश्याम झा, आदित्य समेत कई कर्मी मौजूद थे. पुलिस की टीम कबरीबाद, चिलगा के अलावा ओपेनकास्ट भी पहुंची. इस दौरान कोयला ढोने में प्रयुक्त बाइक-स्कूटर का पहिया काटा गया. वहीं मौके से भारी मात्रा में कोयला बरामद किया गया.

“सीसीएल क्षेत्र में कोयला चोरी और हमले में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. शनिवार को भी छापा मारा गया है. कई लोगों को चिन्हित किया गया है, जो कोयला और लोहा चोरी में शामिल हैं.”-श्याम किशोर महतो, इंस्पेक्टर
ये भी पढ़ें-

