मुनीडीह वाशरी हादसा: जांच की प्रक्रिया शुरू, चार मजदूरों की मौत के बाद हरकत में आया BCCL
धनबाद के मुनीडीह वाशरी हादसे की जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है. हादसे में चार मजदूरों की मौत हुई थी.

Published : May 5, 2026 at 6:20 PM IST
धनबाद: पुटकी थाना क्षेत्र के बीसीसीएल की मुनीडीह कोल वाशरी में हुए भीषण हादसे में चार मजदूरों की मौत के बाद भारत कोकिंग कोल लिमिटेड ने जांच प्रक्रिया को तेज कर दिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने अलग-अलग स्तर पर दो जांच दल गठित किए हैं. क्षेत्रीय स्तर पर बनाई गई चार सदस्यीय टीम में वाशरी से जुड़े अधिकारी शामिल हैं. यह टीम घटनास्थल पर पहुंची और लगभग एक घंटे तक मौजूद कर्मियों से विस्तार से पूछताछ की. टीम ने हादसे के वक्त की परिस्थितियों और कार्यप्रणाली से जुड़े हर पहलू की जानकारी जुटाने का प्रयास किया.
जांच अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल वाशरी की लोडिंग प्वाइंट जिस जगह पर हादसा हुआ है, सभी प्रकार की गतिविधियां पूरी तरह से रोक दी गई हैं. लोडिंग पॉइंट पर तैनात मजदूरों और कर्मचारियों से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी.
बीसीसीएल मुख्यालय ने भी एक अलग टीम का गठन किया है, जो इस पूरे मामले की स्वतंत्र रूप से जांच करेगी. दोनों टीमों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
शनिवार को मुनिडीह कोल वाशरी में स्लरी धंसने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें काम कर रहे चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस हादसे के बाद से मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस दर्दनाक हादसे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है.
ये भी पढ़ें:
धनबाद के मुनीडीह कोल वाशरी के स्लरी में बड़ा हादसा, चार मजदूरों की मौत, कई के दबे होने की आशंका
मुनीडीह वाशरी हादसा: मजदूरों के आश्रितों को 20-20 लाख का मुआवजा और मिलेगी नौकरी

