कोटा में नशे में बदमाशों का उत्पात, लोगों ने टोका तो घरों एवं कारों के तोड़े शीशे
बोरखेड़ा थाना इलाके में शराब के नशे में बदमाशों ने 500 मीटर एरिया में तीन जगह हंगामा किया.

Published : June 30, 2026 at 8:02 PM IST
कोटा: शहर के बोरखेड़ा थाना इलाके में सोमवार रात शराब के नशे में बदमाशों ने काफी उत्पात मचाया. 500 मीटर एरिया में तीन जगह हंगामा किया. विवाद होने पर स्थानीय लोगों के वाहनों में भी तोड़फोड़ कर दी. पुलिस ने 8 से 10 जनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. बदमाशों में पहले आपस में झगड़ा हो गया था. इसके बाद इन्होंने उत्पात मचाया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें बदमाश कार व घरों पर हथियारों से तोड़फोड़ कर रहे हैं. स्थानीय नागरिकों से गाली गलौज भी की.
नशे में आपस में उलझे: बोरखेड़ा थाने के एएसआई लतीफ मोहम्मद ने बताया कि सोमवार देर रात उत्तम नगर में कुछ बदमाशों में नशा करते समय आपस में झगड़ा हो गया. वहां इन्होंने काफी देर झगड़ा किया. बाद में ये शुभम गार्डन के सामने एसबीआई एटीएम के पास आकर काफी देर झगड़ते रहे. सूचना पुलिस को मिली तो बदमशा आदर्श नगर की तरफ चले गए, जहां भी इनमें झगड़ा हुआ. गाली-गलौच करने लगे. कुछ लोगों ने टोका तो नाराज बदमाशों ने वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ एवं मकानों की खिड़कियों को तोड़ना शुरू कर दिया. ये लोग मकान खाली करने की बात भी स्थानीय लोगों से कह रहे थे. काफी देर हंगामा कर देवली अरब रोड की तरफ भाग गए.

पढ़ें: सिरोही में बदमाशों का उत्पात, वाहनों में तोड़फोड़...दो युवक घायल
आठ से दस थे बदमाश: एएसआई लतीफ के अनुसार, पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठा 8 से 10 बदमाश बाइकों से फरार हो गए. पुलिस ने प्रिंस उर्फ पकौड़ा, इमरान काना, किट्टू, कुंदन बैरवा, गोलू समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ स्थानीय लोगों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया. इनकी तलाश है. जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले में शुरुआती तौर पर कुछ लोग नामजद है. शेष जांच के बाद जोड़ दिए जाएंगे. यह बदमाशों का ग्रुप आपस में दोस्त है, लेकिन इनमें पहले झगड़ा हो गया था. पहले भी इनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं.
पढ़ें:उदयपुर में बदमाशों का उत्पात: कारों के कांच तोड़े, पुलिस के पीछा करने पर तालाब में कूदकर फरार

