आयुष्मान आरोग्य मंदिर में फार्मासिस्ट की भर्ती के लिए आ गया इंटरव्यू शेड्यूल, जानें डिटेल
अब तक हजारों आवेदन आए हैं. जानें क्या है प्रक्रिया व क्या मोहल्ला क्लिनिकों के टर्मिनेट स्टाफ भी इसके लिए योग्य हैं कि नहीं.

Published : November 6, 2025 at 5:45 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए फार्मासिस्ट की भर्ती के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल जारी किया है. इसके अनुसार 12 नवंबर से 21 नवंबर तक इंटरव्यू होंगे. इंटरव्यू के लिए जारी आदेश में बताया गया है कि इंटरव्यू के लिए केवल ऑनलाइन पंजीकृत उम्मीदवारों पर ही विचार किया जाएगा. आदेश में साफ किया गया है कि सभी पंजीकृत उम्मीदवारों का डेटा राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (एसपीएमयू) द्वारा दिल्ली में 10 एकीकृत जिला स्वास्थ्य समितियों (नई दिल्ली जिले को छोड़कर) के साथ साझा किया जाएगा.
प्रत्येक एकीकृत जिला स्वास्थ्य समिति को आवेदकों की तरफ से दिए गए रजिस्ट्रेशन डिटेल्स के अनुसार, उनके जिले से संबंधित उम्मीदवारों का डेटा प्राप्त होगा. दरअसल, फार्मासिस्ट की 110 पोस्ट के लिए हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. आवेदनों और दस्तावेजों की जांच के लिए (जांच बोर्ड) एसपीएमयू, डीएसएचएम की आधिकारिक वेबसाइट पर दस्तावेज वेरिफिकेशन और इंटरव्यू के लिए एक प्रोग्राम अपलोड करेगा.
डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन के बाद इंटरव्यू (दिनांक और समय) सभी जिलों के लिए समान होगा. हर दिन 150 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन और इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. जिले स्तर पर कम से कम 2 सदस्यों वाले 2-3 स्क्रूटनी बोर्ड गठित किए जाएंगे, और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवेदनों की जांच करेंगे.
ये होगी चयन प्रक्रिया: फार्मासिस्ट पद के लिए निर्धारित पात्रता मानदंडों (योग्यता, आयु, अनुभव, आरक्षण श्रेणी आदि) के अनुसार, आवेदनों और दस्तावेजों की जांच के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा. ओबीसी, एनसीएल और ईडब्ल्यूएस के लिए, उपयुक्त प्राधिकारी की ओर से जारी प्रमाण पत्र वर्तमान वित्तीय वर्ष यानी 2025-26 का होना चाहिए. आयु, अनुभव व अन्य मानदंडों के लिए अंतिम तिथि 20 सितंबर, 2025 होगी.
इंटरव्यू आयोजित करने वाले सभी जिलों के पास दस्तावेज़ जांच के लिए एक चेकलिस्ट उपलब्ध है. दस्तावेजों की जांच के बाद केवल योग्य पाए गए उम्मीदवारों को ही साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी. उम्मीदवार की पात्रता तय करने के लिए संबंधित आईडीएचएस के सीडीएमओ/मिशन निदेशक का निर्णय अंतिम होगा.
इंटरव्यू के लिए नहीं बदला जाएगा जिला: इंटरव्यू के लिए जिला परिवर्तन के किसी भी अनुरोध पर किसी भी परिस्थिति में विचार नहीं किया जाएगा. डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन और इंटरव्यू के समय, उम्मीदवारों को वेरीफिकेशन के लिए ओरिजिनल डॉक्यूमेंट दिखाने होंगे. इंटरव्यू बोर्ड पात्रता मानदंडों के अनुसार जरूरत पड़ने पर ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स की फिर से जांच कर प्रामाणिकता सुनिश्चित कर सकता है.
ऐसे होगा साक्षात्कार बोर्ड का गठन: हर जिले में जिले के मिशन डायरेक्टर/सीडीएमओ के अनुमोदन से, 3 अधिकारियों के कम से कम 2 साक्षात्कार बोर्ड गठित करेगा. इस बोर्ड का अध्यक्ष एक चिकित्सा अधिकारी होगा और दो सदस्य चिकित्सा या प्रशासनिक अधिकारी होंगे. इंटरव्यू बोर्ड में कम से कम एक अध्यक्ष या कोई सदस्य महिला और एक अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग (आरक्षित) वर्ग से होना चाहिए. साक्षात्कार बोर्ड सभी दिनों में एक ही रहेगा.
आदेश में ये बात: साक्षात्कार के समय किसी भी आपात स्थिति में 2 अधिकारियों को रिजर्व रखा जा सकता है. उम्मीदवार की तरफ से बोर्ड चयन के लिए लॉटरी प्रणाली का उपयोग किया जाना चाहिए. बोर्ड उम्मीदवारों का मूल्यांकन विषय ज्ञान, संचार कौशल और पद के लिए उपयुक्तता जैसे मानदंडों के आधार पर करेगा. आदेश में बताया गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत फार्मासिस्टों के जिलावार साक्षात्कार हेतु सक्षम प्राधिकारी का अनुमोदन किया गया है. फार्मासिस्ट पद के लिए पंजीकृत उम्मीदवारों का विवरण आगे की आवश्यक कार्रवाई और साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित जिलों को भेजा जा रहा है.
150 अभ्यार्थियों का होगा डेली इंटरव्यू: प्रतिदिन 150 अभ्यर्थियों के लिए इंटरव्यू 12 से 21 नवंबर 2025 तक (शनिवार/रविवार और छुट्टियों को छोड़कर) होगा और इसे दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा. इंटरव्यू के लिए अनुमोदित मानक संचालन प्रक्रियाएं अपनाई जाएंगी. इनकी नियुक्तियों का उद्देश्य प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के अंतर्गत दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिर हेतु फार्मासिस्ट के पद हेतु साक्षात्कार आयोजित करने के लिए क समान, पारदर्शी और कुशल प्रक्रिया सुनिश्चित करना है.
मोहल्ला क्लीनिकों के टर्मिनेट स्टाफ भी हैं एलिजिबल: इन फार्मासिस्ट के पदों के लिए मोहल्ला क्लिनिकों से टर्मिनेट किए गए फार्मासिस्ट भी आवेदन करने के लिए पात्र हैं. मोहल्ला क्लिनिक से टर्मिनेट किए गए फार्मासिस्ट राशिद अली ने बताया कि मैंने भी फार्मासिस्ट की नई पोस्ट के लिए आवेदन किया है. उन्होंने बताया कि जब हमारा इस साल वर्ष 2025-26 के लिए जब कॉन्ट्रैक्ट कराया गया था तो वह मार्च 2026 तक के लिए था, लेकिन अब बीच में ही मात्र 15 दिन का नोटिस देकर टर्मिनेट कर दिया गया. राशिद ने बताया कि जबसे दिल्ली में सरकार बदली थी तभी से हमको यह सुनने को मिल रहा था कि मोहल्ला क्लिनिकों को बंद किया जाएगा इसलिए हमने पहले ही वेकेंसी निकलने पर आवेदन कर दिया था.
यह भी पढ़ें-
दिल्ली के नरेला में विकसित होगा कोचिंग हब, DDA के लैंड यूज़ चेंज के प्रस्ताव को LG ने दी मंजूरी
राहुल गांधी के आरोपों का AAP ने किया समर्थन, सौरभ भारद्वाज बोले- भाजपा सरकार के डीएनए में फर्जीवाड़ा

