शिमला में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, 5000 से अधिक लोगों ने लिया भाग
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने किया सामूहिक योग सत्र का नेतृत्व. 'स्वस्थ हिमाचल, सशक्त भारत और स्वस्थ विश्व' के संदेश से गूंजा शिमला.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 21, 2026 at 12:08 PM IST
|Updated : June 21, 2026 at 3:03 PM IST
शिमला: 12वां अंततराष्ट्रीय योग दिवस पूरे देश और दुनिया भर में 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' थीम के तहत मनाया जा रहा है. इस कड़ी में शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में आज 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से आए 5,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया. कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा आयुष विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवन, सद्भाव और समग्र कल्याण का संदेश दिया गया.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शिमला के रिज मैदान में कार्यक्रम
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सामूहिक योग सत्र में भाग लिया. लेडी गवर्नर ने भी इस अवसर पर उपस्थित रहकर नागरिकों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जायराम ठाकुर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की. इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन वैश्विक थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' (Yoga for Healthy Ageing) के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य सभी आयु वर्गों के लोगों को स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है.
कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि, "योग भारत की ओर से संपूर्ण मानवता को दिया गया एक अमूल्य उपहार है. योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है. विशेष रूप से युवा योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अहम योगदान दें."
नशा मुक्त समाज को बढ़ावा देने का संकल्प
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, आईपीएस सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने भी सामूहिक योग सत्र में सक्रिय भागीदारी की. पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा, "योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासन और जीवन जीने की एक पद्धति है. स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच एक मजबूत समाज की आधारशिला हैं. हिमाचल प्रदेश पुलिस जन सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और नशा मुक्त समाज को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. आइए, हम योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरित करें."

कार्यक्रम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, विद्यार्थियों, बच्चों, देश-विदेश से आए पर्यटकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के योग विभाग द्वारा मंच से योग प्रदर्शन किया गया और हजारों प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास विधिपूर्वक करवाए गए.

योग दिवस पर सभी प्रतिभागियों को विशेष प्रतिज्ञा दिलाई गई
- "मैं प्रतिज्ञा करता/करती हूं कि योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने का प्रयास करूंगा/करूंगी."
- "मैं स्वयं योग अपनाऊंगा/अपनाऊंगी ओर दूसरों को भी स्वस्थ, संतुलित और नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करूंगा/करूंगी."
- "हम सब मिलकर स्वस्थ हिमाचल, सशक्त भारत और स्वस्थ विश्व के निर्माण का संकल्प लें."
5000 से अधिक लोगों ने लिया भाग
ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित यह विशाल योग कार्यक्रम एकता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी का प्रतीक बना. 5,000 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने योग को स्वास्थ्य, शांति और सद्भाव के वैश्विक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने के प्रति हिमाचल प्रदेश की प्रतिबद्धता को दर्शाया.

ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हमीरपुर में CM सुक्खू ने किया योगाभ्यास, बोले- योग हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी धरोहर

