महिला सुरक्षा की पहल: पब्लिक ट्रांसपोर्ट में बार कोड स्कैन करते ही महिलाओं को मिलेगी तुरंत पुलिस सहायता
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राजस्थान पुलिस की अनूठी पहल.

Published : March 2, 2026 at 9:11 AM IST
जयपुर : दुनियाभर में आगामी 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाएगा. इस मौके पर महिला सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में राजस्थान पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और तकनीक आधारित पहल की शुरुआत की है. इसके तहत डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में सार्वजनिक परिवहन साधनों जैसे बस, ऑटो और टैक्सी में ‘राजकॉप सिटीजन एप’ के क्यूआर कोड युक्त पोस्टर और स्टीकर चिपकाने का विशेष अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान का उद्देश्य यात्रा के दौरान महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी आपातकालीन स्थिति में उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा बसों, ऑटो और टैक्सियों पर क्यूआर कोड वाले पोस्टर व्यवस्थित रूप से लगाए जा रहे हैं.
एक स्कैन… और सीधे पुलिस से संपर्क : डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया, सार्वजनिक परिवहन में यात्रा कर रही छात्राएं, कामकाजी महिलाएं अथवा अन्य महिला यात्री अपने स्मार्टफोन से वाहन में प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे ‘राजकॉप सिटीजन एप’ डाउनलोड कर सकती हैं. इस एप में उपलब्ध ‘Need Help’ फीचर विशेष रूप से संकट की स्थिति को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है. आपातकालीन परिस्थिति में एक क्लिक पर महिला की लोकेशन सीधे पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच जाती है, जिससे त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके.

इसे भी पढ़ें: Exclusive : जयपुर पुलिस के नए मुखिया सचिन मित्तल बोले- संगठित अपराध, साइबर क्राइम पर लगाम लगाना प्राथमिकता
तकनीक से मजबूत होगा भरोसा : राजस्थान पुलिस की यह पहल महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है. सार्वजनिक परिवहन में क्यूआर कोड प्रदर्शित होने से छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं में सुरक्षा का भाव और विश्वास बढ़ेगा. यह अभियान तकनीक आधारित सुरक्षा तंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. महिला दिवस के उपलक्ष्य में शुरू की गई यह पहल न केवल जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ यात्रा करने का सशक्त माध्यम भी प्रदान करेगी.

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस प्रयास : डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि राजस्थान पुलिस का यह प्रयास दर्शाता है कि महिला सुरक्षा केवल प्राथमिकता ही नहीं, बल्कि सतत मिशन है. समाज में सुरक्षित वातावरण का निर्माण तभी संभव है जब सुरक्षा व्यवस्था आधुनिक तकनीक से लैस होकर आमजन तक सहज रूप से उपलब्ध हो. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुरू की गई यह पहल प्रदेश में महिला सुरक्षा के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: डीजीपी का बड़ा बयान- महिला सुरक्षा प्राथमिकता, झूठे मुकदमों को बताया गंभीर

