ETV Bharat / state

शिवरात्रि महोत्सव-2026: संकन गार्डन में सजेगी सांस्कृतिक कार्यक्रम, कल्चरल परेड में शामिल होंगे देश-विदेश से 33 दल

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं.

International Shivratri Festival 2026
शिवरात्रि महोत्सव-2026 की तैयारियां (FILE, ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 11, 2026 at 6:23 PM IST

|

Updated : February 11, 2026 at 6:32 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मंडी: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर 500 वर्ष प्राचीन मंडी नगर पूरी तरह से उत्सव के रंग में रंगने को तैयार है. इस बार महोत्सव की सांस्कृतिक गतिविधियों को अधिक जीवंत, सुलभ और जनभागीदारी से भरपूर बनाने के उद्देश्य से कई सकारात्मक बदलाव किए गए हैं. आयोजन समिति ने शहर की धड़कन कहे जाने वाले संकन गार्डन को सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करते हुए यहां शास्त्रीय संगीत, नृत्य, भजन, नाटक और साहित्य से जुड़ी विविध गतिविधियों का आयोजन करने की तैयारी है.

मंडी जिला उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि, "भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम ऐतिहासिक घंटाघर के सामने संकन गार्डन में आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सहज रूप से इनमें भाग ले सकें. 10 फरवरी को शाम 6 बजे से इंदिरा मार्केट परिसर स्थित ओपन थियेटर में शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें गायन, वादन और नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति दे रहे हैं. 11 फरवरी को संकन गार्डन में शाम 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन है, जिसमें भक्ति रस से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले हैं. 12 और 13 फरवरी को संस्कृति सदन में सुबह 11 बजे से नाटक मंचन किया जाएगा"

संकन गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम

उपायुक्त ने कहा कि, 17 फरवरी को संस्कृति सदन में सुबह 11 बजे से कवि सम्मेलन एवं मंडयाली गीता पाठ का आयोजन प्रस्तावित है, जो स्थानीय साहित्य और लोक संस्कृति को सशक्त मंच देगा. इस बार शहर के बीचों बीच संकन गार्डन में कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य जन सहभागिता को बढ़ाना है. इसके लिए आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, ताकि उत्सव का अनुभव और भी यादगार बन सके.

International Shivratri Festival 2026
संकन गार्डन में सजेगी सांस्कृतिक रंगत (ETV Bharat)

कल्चरल परेड में शामिल होंगे देश-विदेश से 33 सांस्कृतिक दल

मंडी के विख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही कल्चरल परेड की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि, "20 फरवरी, 2026 को सायंकाल अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं स्थानीय लोक दलों से सुसज्जित भव्य कल्चरल परेड का आयोजन मंडी शहर में किया जाएगा. उपायुक्त कार्यालय परिसर से आरंभ होकर यह कल्चरल परेड सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर का परिभ्रमण करेगी. इस सांस्कृतिक परेड में भाग लेने के लिए 33 दलों को आमंत्रित किया गया है. इनमें 13 अंतरराष्ट्रीय और 6 भारत के विभिन्न राज्यों के दल शामिल हैं."

International Shivratri Festival 2026
कल्चरल परेड की तैयारियों की समीक्षा बैठक (ETV Bharat)

अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि, अंतरराष्ट्रीय दलों में संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, फ्रांस, तजाकिस्तान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, बोलीविया, नेपाल, भूटान, श्रीलंका से सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है. उन्होंने कहा कि इन दलों के शामिल होने से शिवरात्रि महोत्सव का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और निखर कर सामने आ सकेगा और लोगों को भी विश्व के विभिन्न देशों की संस्कृति से रू-ब-रू होने का अवसर मिल सकेगा. इनमें राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, आसाम और मणिपुर शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भी सांस्कृतिक दल परेड में शामिल होंगे, जिनमें शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर से दल भाग लेंगे. मंडी जिला के पांच सांस्कृतिक दल इस भव्य परेड की शोभा बढ़ाएंगे.

ये भी पढ़ें: आखिर क्या है गोची उत्सव? जिसमें तीर चलाकर होती है बेटों के जन्म की भविष्यवाणी

ये भी पढ़ें: इस मंदिर में मुरमुरे का प्रसाद चढ़ाने पर पाबंदी, हलवा और मीठी खील होगी अर्पित

Last Updated : February 11, 2026 at 6:32 PM IST