अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव, भव्य सांस्कृतिक परेड में शामिल होंगे 12 देशों सहित कई राज्यों के 35 दल
अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि महोत्सव : कल होगी भव्य सांस्कृतिक परेड, 12 देशों सहित कई राज्यों के 35 दल लेंगे भाग

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 19, 2026 at 6:59 PM IST
मंडी: अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में इस वर्ष भी सांस्कृतिक विविधता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा. बीते वर्ष पहली बार आयोजित की गई सांस्कृतिक परेड की अपार सफलता के बाद इस बार इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है. मंडी जिला प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह भव्य सांस्कृतिक परेड 20 फरवरी को शाम 6 बजे आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश से आमंत्रित कुल 35 सांस्कृतिक दल भाग लेंगे. इस सांस्कृतिक परेड में 12 देश, भारत के कई राज्यों के दल, हिमाचल प्रदेश के कई जिलों तथा मंडी जिले के कई सांस्कृतिक दलों की सहभागिता रहेगी.
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया, 'सांस्कृतिक परेड के आयोजन से शिवरात्रि महोत्सव का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और अधिक निखर कर सामने आएगा. विभिन्न देशों और राज्यों से आए सांस्कृतिक दलों की सहभागिता से लोगों को विश्व की विविध संस्कृतियों को समझने और उनसे रूबरू होने का अनूठा अवसर मिलेगा'.
परेड के माध्यम से विश्व की विभिन्न संस्कृतियों, लोकनृत्यों, पारंपरिक वेशभूषाओं और सांस्कृतिक विरासत की रंगारंग झलक देखने को मिलेगी, जो शिवरात्रि महोत्सव के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को और सशक्त बनाएगी. परेड की शुरुआत उपायुक्त कार्यालय परिसर से होगी। इसके बाद यह सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर का परिभ्रमण करेगी. इस दौरान नगरवासियों और पर्यटकों को एक साथ कई देशों और राज्यों की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिलेगा.
अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों में संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, फ्रांस, तजाकिस्तान, अर्जेंटीना, जिम्बाब्वे, तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, बोलीविया, नेपाल, भूटान और श्रीलंका शामिल हैं. वहीं, देश के विभिन्न राज्यों से राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, असम और मणिपुर के सांस्कृतिक दल भी इस परेड का हिस्सा बनेंगे.
हिमाचल प्रदेश के शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और किन्नौर जिलों के लोक कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से परेड की शोभा बढ़ाएंगे. इसके अलावा मंडी जिला के पांच स्थानीय सांस्कृतिक दल, गतका दल, गृहरक्षक बैंड और विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी परेड में शामिल होंगी.
ये भी पढ़ें: मंडी शिवरात्रि महोत्सव में आखिर ऐसा क्या हुआ कि इस कॉमेडियन को मांगनी पड़ी माफी, जानें सबकुछ

