शंकर महादेवन, सोना महापात्रा देंगे परफॉर्मेंस, फुल गियर में महाकाल महोत्सव की तैयारी
उज्जैन में 14 जनवरी से 18 जनवरी मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय महाकाल महोत्सव. महोत्सव के दौरान भील और बैगा जनजातीय नृत्य दल भी होंगे शामिल.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 5:10 PM IST
उज्जैन: धर्म नगरी अवंतिका उज्जैनी में स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग धाम में आगामी 14 से 18 जनवरी तक श्री महाकाल महोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है. जिला प्रशासन एवं श्री महाकाल मंदिर समिति आयोजन की तैयारियों जुटा हुआ है. आयोजन के संबंध में कमिश्नर आशीष सिंह की अध्यक्षता में बीते दिनों समीक्षा बैठक हुई थी. बैठक के बाद अब 5 दिवसीय श्री महाकाल महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले दिग्गज कलाकारों के नाम तय हो गए हैं.
शंकर महादेवन, सोना महापात्रा, एहसान नूरानी, लॉय मेंडोंसा देंगे प्रस्तुतियां
आयोजन के दौरान प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन, सोना महापात्रा, एहसान नूरानी, प्रसिद्ध पियानोवादक लॉय मेंडोंसा सहित कई अन्य कलाकार श्री महाकाल लोक में प्रस्तुति देंगे. आयोजन का शुभारंभ संभवत: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे.
मंदिर सहायक प्रशासक एवं पीआरओ आशीष फलवाड़िया ने बताया, मंदिर में बीते कई सालों से श्री महाकाल महोत्सव मनाया जा रहा है. 2026 में 14 से 18 जनवरी तक अंतराष्ट्रीय स्तर पर यह महोत्सव आयोजित किया जाएगा. बीते दिनों हुई बैठक में कार्यक्रम के आयोजन स्थल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, उद्घाटन समारोह व कार्यक्रम में संत, विचारकों और कथाकारों के आयोजन में सम्मिलित होने पर चर्चा की गई थी. अब कलाकारों के नाम तय हुए है.
महोत्सव के दौरान भील और बैगा जनजातीय नृत्य दल भी होंगे शामिल
कार्यक्रम की तैयारी चल रही है. आयोजन में लोकनृत्य जिसमें भील और बैगा जनजातीय नृत्य दल व अन्य शामिल होंगे. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही शैव परंपरा से संबंधित विविध प्रस्तुतियों और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा.
जाने कौन कलाकार किस दिन देगा प्रस्तुति
मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया, 14 जनवरी को जनजातीय लोकनृत्य और कला यात्राओं के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा. गोंड जनजाति सोला नृत्य, बैगा जनजाति परधौनी नृत्य, भील जनजाति के लोग भगोरिया नृत्य की प्रस्तुति देंगे. 15 जनवरी को द ग्रेट इंडियन क्वायर मुंबई की प्रस्तुति शंकर महादेवन, सिद्धार्थ, शिवम, एहसान नूरानी, लॉय मेंडोंसा व अन्य के साथ प्रस्तुति देने वाले हैं. 16 जनवरी को सोना महापात्रा की प्रस्तुति, 17 जनवरी को श्रेयस शुक्ला व विपिन अनेजा की प्रस्तुति, 18 जनवरी को शिव केंद्रित नृत्य नाट्य की प्रस्तुति के बाद कार्यक्रम का समापन होगा.

