जामताड़ा में अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 अपराधी गिरफ्तार, हत्या और लूट के साथ कई कांडों में थे शामिल
जामताड़ा में अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 अपराधी पकड़े गए हैं. अपराधियों की संलिप्तता हत्या, डकैती, लूट और अपहरण जैसे संगीन मामलों में है.

Published : March 3, 2026 at 8:29 PM IST
जामताड़ा: पुलिस ने एक साथ कई कांडों का खुलासा किया है. पुलिस ने हत्या, डकैती, लूट और अपहरण जैसे मामलों में अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. अपराधियों के पास से पुलिस ने तीन देसी पिस्टल, 9 एमएम की 4 जिंदा गोली, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद किया है. इसकी पुष्टि जामताड़ा एसपी राजकुमार मेहता ने की है.
एसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी जामताड़ा के अलग-अलग थाना क्षेत्र से की गई है. उन्होंने बताया कि पुलिस की पूछताछ में अपराधियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. एसपी ने बताया कि अपराधियों द्वारा कई कांडों को अंजाम दिया गया था. जिसे लेकर अलग-अलग थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी. कर्माटांड़ थाना में डकैती, नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोली मार कर एक व्यक्ति की हत्या, सीएसपी संचालक से लूट की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया था.
कैसे हुआ खुलासा
एसपी ने बताया कि नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 22 फरवरी 2026 की सुबह 8:00 बजे धर्मपुर मोड़ के पास चाय दुकान के पास दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अपराधियों ने फुरकान अंसारी नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी. जिसको लेकर पुलिस मामला दर्ज का अनुसंधान में जुट गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित की छापामारी अभियान शुरू किया. इस क्रम में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधियों में आसिफ अंसारी, हारुन अंसारी, इजराफिल अंसारी, समसुल अंसारी और सफाउल अंसारी शामिल हैं.
एसपी ने बताया कि जब गिरफ्तार अपराधियों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो परत दर परत कई अन्य मामलों का खुलासा होते गया. अपराधियों की निशानदेही पर साइबर अपराध से जुड़े मामले में एक साइबर अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने यह भी बताया कि कर्माटाड़ थाना क्षेत्र के एक सीएसपी संचालक से पिस्टल भय दिखाकर ₹20000 लूट की घटना में भी उनकी संलिप्तता थी. इसके अलावा अपहरण की घटना में भी अपराधियों की संलिप्तता पाई गई.
हत्या के पीछे की वजह का खुलासा
एसपी ने बताया कि नारायणपुर में फुरकान अंसारी की हत्या की वजह का भी पता चल गया है. दरअसल, फुरकान ओडिशा में हुए एक आपराधिक घटना की पुलिस को सूचना देता था. इस कारण फुरकान को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या से पहले फुरकान की रेकी कराई गई थी. हालांकि रेकी करने वाला शख्स फरार है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
पुलिस को ओडिशा और झारखंड के अन्य जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं में भी सुराग मिला है. पकड़े गए अपराधियों ने ओडिशा और दूसरे अन्य राज्यों में भी आपराधिक घटना को अंजाम दिया था. जामताड़ा पुलिस संबंधित राज्यों की पुलिस से संपर्क कर आगे की कार्रवाई में जुटी है. फिलहाल पकड़े गए सभी अपराधियों को न्यायिक अभिरक्षा के तहत जेल भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें-
नयासराय में खूनी संघर्ष मामला: 12 अपराधी गिरफ्तार, हथियार भी जब्त
गोड्डा में दिनदहाड़े बैंक लूट का प्रयास, फायरिंग कर अपराधी फरार, एक सुरक्षाकर्मी घायल

