ETV Bharat / state

नए साल में SMS में शुरू होगा इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी, बाल और त्वचा रोगियों को मिलेगी राहत

इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी में इलाज फ्री तो नहीं मिलेगा, लेकिन प्राइवेट सेक्टर की दरों के मुकाबले सस्ते में सुविधाएं मिलेंगी.

Institute of Dermatology
इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 6:01 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: लम्बे समय से स्किन रोग से जूझ रहे मरीजों के लिए नया साल राहत लेकर आया है. सवाई मानसिंह अस्पताल में तैयार हो चुके इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी को जनवरी माह में शुरू कर दिया जाएगा. यहां प्राइवेट के मुकाबले कॉस्मेटिक सर्जरी बेहद सस्ते दामों में की जाएगी.

सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर दीपक माहेश्वरी का कहना है कि लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी को जनवरी के तीसरे सप्ताह तक शुरू कर दिया जाएगा. इस इंस्टीट्यूट में लेजर और कॉस्मेटिक प्रोसिजर से जुड़ी सभी आधुनिक मशीनों की सुविधा मरीजों को मिलेगी. यह देश का पहला लेजर और कॉस्मेटिक प्रोसिजर है. जबकि दुनिया का दूसरा सेंटर, इससे पहले लंदन में है. इस सेंटर पर स्किन से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज आसानी से मिल सकेगा. हालांकि कॉस्मेटिक प्रोसिजर के लिए एक निश्चित पैसा लोगों से लिया जाएगा.

पढ़ें: दुनिया का दूसरा इंस्टीट्यूट ऑफ डर्मेटोलॉजी बन रहा एसएमएस अस्पताल में, सिर से झड़ने वाले बाल वापस उग सकेंगे

बाल और त्वचा समस्याओं का होगा इलाज: इस सेंटर में झड़ते बालों को दोबारा उगाने, चेहरे पर मस्से हटाने, अनचाहे बालों को खत्म करने और सफेद दाग (विटिलिगो) का इलाज एक्साइमर तकनीक से होगा. साथ ही जन्म से बने दाग-धब्बों, टैटू और पिगमेंटेशन का भी समाधान मिलेगा. इसके अलावा स्किन से जुड़ी सभी गंभीर बीमारियों का इलाज भी इस सेंटर पर उपलब्ध होगा और प्लेटलेट्स रिच प्लाज्मा (पीआरपी) से बालों की ग्रोथ बढ़ाने, घाव भरने का इलाज भी होगा.

पढ़ें: अब SMS मेडिकल कॉलेज में रोबोट करेंगे किडनी ट्रांसप्लांट, जल्द शुरू होगी सुविधा

प्राइवेट से सस्ता इलाज: आमतौर पर कॉस्मेटिक से जुड़ी सर्जरी को निशुल्क नहीं किया जाता और इस सेंटर पर भी कॉस्मेटिक से जुड़ा इलाज फ्री नहीं होगा. इसके लिए पैसा देना होगा, लेकिन यह अमाउंट काफी कम होगा. जहां प्राइवेट सेक्टर में कॉस्मेटिक सर्जरी का खर्चा तकरीबन 50-60 हजार रुपया आता है, तो एसएमएस में यह कॉस्मेटिक सर्जरी 3 से 6 हजार रुपए के बीच में होगी.