रणथंभौर नेशनल पार्क में सख्ती: सफारी वाहनों के लिए डैश कैमरा लगाना हुआ अनिवार्य
रणथंभौर नेशनल पार्क के डीएफओ ने आदेश जारी कर वाहनों में डैश कैमरा लगाने को कहा है.

Published : January 7, 2026 at 8:54 PM IST
सवाईमाधोपुर: रणथंभौर नेशनल पार्क में अब सफारी पर जाने वाले कैंटर और जीपियों पर डैश कैमरा लगाना अनिवार्य कर दिया गया है. इस कदम से बाघ सफारी के दौरान बाघ के अत्यधिक नजदीक जाकर फोटोग्राफी करने पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. पर्यटन डीएफओ संजीव शर्मा ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है.
डीएफओ संजीव शर्मा की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि मुख्य वन्यजीव संरक्षक के निर्देशों के अनुपालन में अब रणथंभौर के सभी जीपी और कैंटर वाहन मालिकों को अपने वाहनों में उच्च गुणवत्ता वाला डैश कैमरा लगवाना होगा, जो आगे और पीछे दोनों ओर का दृश्य रिकॉर्ड कर सके.

पढ़ें: रणथंभोर में मृत मिला वयस्क पैंथर, कोल्ड शॉक से मौत की आशंका
डीएफओ ने कहा कि डैश कैमरा लगने के बाद बाघ सफारी के दौरान पर्यटन वाहनों को बाघ के बहुत निकट जाने से रोका जा सकेगा, जिसके लिए यह आदेश जारी किए गए हैं. सभी वाहन मालिकों को शीघ्रातिशीघ्र अपने वाहनों में कैमरा लगवाकर पर्यटन कार्यालय को सूचित करना होगा. वहीं, रणथंभौर में वन विभाग द्वारा इससे पहले भी सफारी वाहनों में जीपीएस लगवाए गए थे, ताकि पर्यटन के दौरान वे निर्धारित मार्ग से बाहर न जा सकें. अब इसी कड़ी में वाहनों पर डैश कैमरा लगाने के आदेश जारी किए गए हैं. इससे एक ओर जहां बाघों की गतिविधियों में खलल को रोका जा सकेगा, वहीं पर्यटकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी.

