पला हवाई पट्टी के विस्तार से ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की राह तेज, 500 हेक्टेयर भूमि चिन्हीकरण के निर्देश
जिला कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान हवाई पट्टी की वर्तमान स्थिति का मौके पर भौतिक सत्यापन किया और संबंधित नक्शों की विस्तृत समीक्षा की.

Published : April 9, 2026 at 1:39 PM IST
डीग: जिले को हवाई नक्शे पर लाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल तेज कर दी है. राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्र स्थित पला हवाई पट्टी का सघन निरीक्षण कर प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना को गति देने और 500 हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं.
जनसंपर्क अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हवाई पट्टी की वर्तमान स्थिति का मौके पर भौतिक सत्यापन किया और संबंधित नक्शों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में हवाई पट्टी के विकास के लिए प्रस्तावित 73 हेक्टेयर भूमि को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की. साथ ही परियोजना से जुड़े बजट प्रावधानों, तकनीकी तैयारियों और प्रशासनिक पहलुओं की गहन जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
पढ़ें: राजस्थान बजट 2026: भरतपुर संभाग को बहुआयामी विकास पैकेज, वन्यजीव संरक्षण पर बड़ा फोकस
कलेक्टर मयंक ने कहा कि वर्ष 2026-27 की बजट घोषणा के तहत क्षेत्र में एक आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जाना प्रस्तावित है, जो डीग और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति देगा. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राजस्व विभाग को पला हवाई पट्टी के आसपास 400 से 500 हेक्टेयर उपयुक्त भूमि का त्वरित चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को आसपास के गांवों का सघन मौका-मुआयना करने और भूमि अधिग्रहण के लिए एक तथ्यात्मक व विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा.
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि भूमि चयन के दौरान विमानन सुरक्षा और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए. हाई-टेंशन बिजली लाइनों, पहाड़ियों और अन्य भौगोलिक बाधाओं से मुक्त भूमि को प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में विमान संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी अड़चन न आए. सार्वजनिक निर्माण विभाग को भी निर्देशित किया गया कि प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए सभी आवश्यक विमानन मानकों के अनुरूप एक विस्तृत और प्रामाणिक मानचित्र शीघ्र तैयार किया जाए. निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी कुम्हेर श्रेष्ठा श्री, तहसीलदार भरतलाल बंसल, अधीक्षण अभियंता पवन सोलंकी सहित राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

