बदायूं में गीजर की गैस से मासूम की मौत; बाथरूम में नहा रहे थे दोनों भाई, बड़ा भाई अस्पताल में भर्ती
पिता सलीम अहमद ने बताया कि गेट तोड़कर देखा तो दोनों बच्चे बेहोशी की हालत में थे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 11:20 PM IST
बदायूं : जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को गैस गीजर से नहाते समय चार साल के मासूम की मौत हो गई. दूसरे भाई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया है. परिजनों ने बताया कि बच्चों ने नहाते समय बाथरूम अंदर से बंद कर लिया था. काफी देर बाद दरवाजा तोड़ा तो दोनों बेहोशी की हालत में पड़े थे.
पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहवाजपुर जफा की कोठी के पास रहने वाले सलीम अहमद के मकान का है. सलीम अहमद ने बताया कि घर के नीचे वह स्टील का काम करते हैं और ऊपर मंजिल पर वह एक बेटी और दो बेटे के साथ रहते हैं.
पिता सलीम अहमद ने बताया कि छोटा बेटा रयान (4) और बड़ा बेटा सयान (11) बाथरूम बंद करके नहा रहे थे. बाथरूम में गैस गीजर लगा हुआ था. काफी देर जब दोनों बाहर नहीं आए तो बाथरूम खटखटाया. काफी देर खटखटाने के बाद भी जब बाथरूम अंदर से नहीं खुला तो घरवालों ने बाथरूम का गेट तोड़ दिया. गेट तोड़कर देखा तो दोनों बच्चे बेहोशी की हालत में बाथरूम में पड़े हुए थे.
बेहोशी की हालत में पड़े देखकर परिजन दोनों सगे भाइयों को जिला अस्पताल लेकर गए. दोनों का डॉक्टर ने उपचार शुरू किया. कुछ देर बाद रयान (4) की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई. उन्होंने बताया कि बाथरूम में गैस गीजर से ऑक्सीजन बनने की वजह से दम घुटने से रयान की मौत हो गई.
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित कुमार ने बताया कि बंद चेंबर में गैस गीजर जलने से आक्सीजन बर्न होकर कार्बन मोनो आक्साइड में बदल जाती है. ये गंधहीन होती है, इसलिए सांस लेने वाले को पता भी नहीं चलता और धीरे-धीरे माइंड में पहुंचने पर बेहोशी आ जाती है. कई बार व्यक्ति की मौत भी हो जाती है. अगर चेंबर या बाथरूम में एग्जास्ट फेन हो तो या खिड़की दरवाजा खुला हो तो ऐसे हादसों के चांसेज काफी हद तक कम हो जाते हैं.

