मिर्जापुर में दीवार के नीचे दबकर मासूम की मौत, ट्रैक्टर की टक्कर से गिरी सामुदायिक भवन की बाउंड्री वाॅल
सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 4:37 PM IST
मिर्जापुर : संतनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को ट्रैक्टर की टक्कर से सामुदायिक भवन की दीवार गिरने से मासूम की मौत हो गई है. बच्ची सामुदायिक भवन की बाउंड्री वाॅल के पास खेल रही थी. आनन-फानन में उसे पटेहरा पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पटेरा पीएचसी डॉक्टर राजकुमार ने बताया कि एक बच्ची को लाया गया था, जिसका नाम शिखा (7) था. मासूम को मृत्यु अवस्था में अस्पताल लाया गया था. परिजनों के मुताबिक, दीवार गिरने से बच्ची दब गई थी.
पुलिस के मुताबिक, खनवर मझारी गांव के रहने वाले रविंद्र कुमार की बेटी शिखा (7) बुधवार को सामुदायिक भवन की बाउंड्री के पास खेल रही थी. इस दौरान अचानक दीवार गिर गई, जिससे वह दब गई. मासूम की चीखपुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने दौड़कर मासूम को मलबे से बाहर निकाला. आनन-फानन में पटेहरा पीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक शिखा अपने एक भाई और एक बहन में सबसे बड़ी थी, वह पथरौर कंपोजिट विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी. मौत के बाद से पिता रविंद्र कुमार, माता सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि गांव के हेमचन्द्र के ट्रैक्टर की टक्कर से सामुदायिक भवन की दीवार गिर गई. इस दौरान खेल रही मासूम की दबने से मौत हो गई है. पिता रविंद्र कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है. घटना की जांच की जा रही है.

