चंडीगढ़ में इनेलो की अहम बैठक, 23 मार्च को प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन को सफल बनाने पर मंथन, दो प्रस्ताव पारित
चंडीगढ़ में इनेलो की राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई. बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था एवं अमेरिकन ट्रेड टैरिफ पर प्रस्ताव पारित.

Published : February 27, 2026 at 7:39 PM IST
चंडीगढ़: इंडियन नेशनल लोकदल की चंडीगढ़ जाट भवन में राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई. इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने बैठक की अध्यक्षता की. पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक प्रोफेसर संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी और सभी वरिष्ठ नेता बैठक में उपस्थित रहे.
चंडीगढ़ में इनेलो कार्यकारिणी की बैठक: राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की इस बैठक में प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था एवं अमेरिकन ट्रेड टैरिफ पर जनहित से जुड़े दो प्रस्ताव पारित किए गए. वहीं भाजपा सरकार द्वारा बीपीएल और राशन कार्ड काटे जाने पर निंदा प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया. इसके साथ ही 23 मार्च को नरवाना में होने वाले प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मंथन किया गया और सभी से पार्टी को और अधिक मजबूती देने के लिए सुझाव लिए गए.
युवा सम्मेलन के लिए सभी जिलों के लिए प्रभारी भी किए गए नियुक्त: अभय चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि "आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए लोगों के पास इनेलो एक मात्र विकल्प है. पूरे प्रदेश में लोगों के अंदर बस एक ही चर्चा है कि पहले प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने बनवाई है और अब मुख्य विपक्ष की भूमिका निभाने में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से असफल सिद्ध हो रही है."
अभय चौटाला का बीजेपी पर निशाना: अभय चौटाला ने कहा कि "इनेलो के दो विधायक होने के बावजूद असली विपक्ष की भूमिका बखूबी निभा रही है. आज बीजेपी की सरकार से किसान, मजदूर, कर्मचारी, छोटा व्यापारी, बुजुर्ग, महिला, युवा समेत सभी वर्ग बेहद दुखी है. बीजेपी के राज में चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार का बोलबाला है. कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो चुकी है. जहां प्रदेश के युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं वहीं उच्च सरकारी पदों पर बाहर के लोगों को भर्ती किया जा रहा है."
23 मार्च को नरवाना में युवा सम्मेलन: उन्होंने बताया कि 23 मार्च को इनेलो नरवाना में बड़ा युवा सम्मेलन करने जा रहा है. जिसमें भारी संख्या में युवा आकर बीजेपी की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे.
'बीजेपी युवाओं के साथ धोखा कर रही'- संपत सिंह: इस मौके पर इनेलो को राष्ट्रीय संयोजक प्रोफेसर संपत सिंह ने कहा कि "बीजेपी सरकार प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा कर रही है. सत्ता में आने के लिए युवाओं से झूठे लुभावने वादे किए, लेकिन अब सत्ता प्राप्त करने के बाद प्रदेश के युवाओं को बेरोजगारी की दलदल में झोंक दिया है. सरकारी नौकरियों की भर्ती लिस्ट जारी होने पर सामने आता है कि भर्ती में 90 प्रतिशत बाहर के प्रदेशों के लोगों जगह दी गई है. आज प्रदेश का युवा हताश और निराश है. उनमें हमें नई ऊर्जा भरनी है. इसके लिए 23 मार्च को युवा सम्मेलन एक नया अध्याय लिखेगा."
'इनेलो ही एकमात्र उम्मीद': वहीं इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि "अभय सिंह चौटाला प्रदेश के लोगों की एकमात्र उम्मीद बचे हैं, जो भ्रष्ट बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंक सकते हैं. जब पंजाब सरकार ने भाखड़ा का पानी रोका तब अभय सिंह चौटाला ने पंजाब सरकार को पानी ना देने के लिए चेताया और उन्हें इसका परिणाम भुगतने को तैयार रहने को कहा. अगले ही दिन पंजाब ने पानी छोड़ दिया. जब बीजेपी सरकार ने बुढ़ापा पेंशन काटी तो भी अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार को पूरे प्रदेश में बड़ा प्रदर्शन करने की चेतावनी दी और तभी सरकार ने पेंशन जारी की वो भी 200 रुपये बढ़ा के दिए. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने प्रदेश को गर्त में पहुंचा दिया है, आज सरकारी स्कूलों में टीचर नहीं है, इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है."

