"बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करूंगा, मैंने कोई चूड़ियां नहीं पहनी", सिरसा में बोले अर्जुन चौटाला
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने हरियाणा आईपीएस एसोसिएशन द्वारा उनके बयान की निंदा करने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

Published : June 2, 2026 at 9:08 PM IST
सिरसा : पेट्रोल डीजल की कीमत में बढ़ोत्तरी और महंगाई के खिलाफ आज इंडियन नेशनल लोकदल ने सिरसा में अपने हेड क्वार्टर में विरोध प्रदर्शन किया. आज प्रदर्शन का नेतृत्व डबवाली से विधायक आदित्य चौटाला ने किया. इसके साथ ही रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला भी वहां पर मौजूद रहे. सबसे पहले इनेलो कार्यकर्ता सिरसा के रेस्ट हाउस में पहुंचे और वहां पर कई घंटे तक धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इसके बाद सभी कार्यकर्ता सिरसा के लघु सचिवालय में डीसी कार्यालय के नजदीक पहुंचे और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी भी की. आज के प्रदर्शन की अहम बात यह है कि कल रोहतक में अर्जुन चौटाला की रोहतक के डीसी और एसपी से बहस हुई थी लेकिन आज पूरी तरह से विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्वक रहा. आईएनएलडी के विरोध प्रदर्शन से सिरसा प्रशासन सतर्क दिखाई दे रहा था.
"कोई फर्क नहीं पड़ता" : अर्जुन चौटाला ने इस मौके पर रोहतक प्रशासन पर जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने हरियाणा आईपीएस एसोसिएशन द्वारा उनके बयान की निंदा करने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है. उन्होंने कहा कि जो अधिकारी जैसा व्यवहार करेगा, उसे वैसा ही व्यवहार सहना पड़ेगा. इसके साथ ही जननायक जनता पार्टी द्वारा अर्जुन चौटाला के व्यवहार पर आपत्ति जाहिर करने पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि वे जो भी कुछ करेंगे जननायक जनता पार्टी उनके ऊपर आपत्ति जाहिर करती रहेगी, लेकिन इससे उनको कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है.
"बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करेंगे" : आगे उन्होंने कहा कि जब हरियाणा के सीनियर अधिकारी वाई पूरन सिंह ने आत्महत्या की थी तब एसोसिएशन कहां गई थी, जब कैबिनेट मंत्री के साथ एक एसपी बदतमीजी करता है, तब एसोसिएशन कहां थी. अधिकारियों की मिलीभगत से 100 करोड़ का घोटाला हुआ, तब एसोसिएशन कहां थी, एसोसिएशन को जिम्मेदारी समझते हुए अपने अधिकारियों को विधायक या किसी नेता से अच्छा व्यवहार करने की नसीहत देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी बदतमीजी करेगा तो हमने भी कोई हाथ में चूड़ियां नहीं पहनी. हम किसी भी हालत में बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करेंगे.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : कॉकरोच जनता पार्टी को मिला फर्स्ट विधायक, इनेलो MLA अर्जुन चौटाला ने किया ऐलान
ये भी पढ़ें : रोहतक में इनेलो के प्रदर्शन के दौरान बवाल, विधायक अर्जुन चौटाला की SP-DC से जोरदार बहस
ये भी पढ़ें : सिरसा में विधायक अर्जुन चौटाला बोले, 'सरकार किसानों-मजदूरों की सुविधाएं बेहतर करने के बजाए समस्याएं बढ़ाने का काम कर रही है'

