ETV Bharat / state

दिल्ली CM पर अभद्र टिप्पणी: थाने में कांग्रेस पदाधिकारी पर बीजेपी महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं ने फेंकी स्याही, थानेदार सहित तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

थाने में घुसकर आरोपी पर स्याही फेंकने के मामले में सुरक्षा में ढिलाई बरतने पर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया.

Derogatory Remarks Against Delhi CM
पुलिस थाना अजमेर (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 1, 2026 at 8:10 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: कांग्रेस के मीडिया सेल के पदाधिकारी पीयूष सुराणा ने अपने फेसबुक पेज पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के खिलाफ अश्लील व अभद्र टिप्पणी कर दी. इस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए. भाजपा के जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह की शिकायत पर पीयूष सुराणा को हिरासत में ले लिया गया. मामला यहीं थमा नहीं, बल्कि नाराज महिला मोर्चे की पदाधिकारी थाने में घुसकर आरोपी पर काली स्याही डाल दी, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आरोपी पीयूष सुराणा के भाई श्रेयांश सुराणा ने महिला मोर्चे की पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में नामजद शिकायत दी है. इधर, थाने में घुसकर आरोपी पर स्याही फेंकने के मामले को पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने काफी गंभीरता से लिया है. इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और थाने की सुरक्षा में ढिलाई बरतने पर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया.

मामला अजमेर के गंज थाने का है. घटना के बाद एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ थाने पहुंचे. एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ ने प्रकरण में देर रात अपना बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं. प्रकरण में जांच की जा रही है. शिकायतकर्ता विक्रम सिंह ने कहा कि पूरे देश में महिलाओं को अधिकार देने का माहौल है, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया. कांग्रेस के पदाधिकारी ने दिल्ली की CM के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर बता दिया कि महिलाओं के प्रति उनकी मानसिकता क्या है. ऐसी मानसिकता की कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए.

अभद्र टिप्पणी, कांग्रेस नेता पर फेंकी काली स्याही (वीडियो ईटीवी भारत)

पढ़ें: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के मामले में दो गवाहों के बयान दर्ज, जानें पूरा मामला

थाने में घुसकर फेंकी स्याही: पीयूष सुराणा की पोस्ट के बाद भाजपाई भड़क उठे. शिकायत के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने लाया. इसी दौरान महिला मोर्चे की अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव और उनकी कार्यकर्ता सीधे थाने में घुस गईं और आरोपी के कमरे में जाकर पहले उसे नारी सम्मान का पाठ पढ़ाया, फिर उस पर काली स्याही डाल दी. इस घटना से कांग्रेस का मीडिया सेल भी जागृत हो गया. कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता वैभव जैन का आरोप है कि अभद्र टिप्पणी निंदनीय है, लेकिन महिला मोर्चे की कार्यकर्ताओं का कानून हाथ में लेना भी गलत है. उन्होंने सरकार से पूछा कि थाने में घुसकर कानून की धज्जियां उड़ाने वालों पर क्या कार्रवाई होगी?

दावा—फेसबुक आईडी हैक हुई: पीयूष सुराणा के फेसबुक पेज पर अभद्र पोस्ट शाम 7:30 बजे डाली गई, जिसे रात 1:30 बजे हटा दिया गया. बाद में उसने दावा किया कि उसकी आईडी 10 दिन पहले हैक हो गई थी और पासवर्ड बदलकर पोस्ट हटा दी गई. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है.

तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि थाने की सुरक्षा के लिए संतरी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं. इसके बावजूद महिला कार्यकर्ताओं का थाने के अंदर घुसना थाने की सुरक्षा में चूक है. इसलिए एसपी अग्रवाला ने थाना प्रभारी महावीर सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश और संतरी उदय को लाइन हाजिर कर दिया है.