ETV Bharat / state

रणथंभौर के जोन-6 में टेरिटोरियल फाइट में घायल बाघ T-108 की सेहत में सुधार, वन विभाग रख रहा है पैनी नजर

बाघ टी-108 को रणथंभौर में 'जय' के नाम से भी जाना जाता है, जिसकी टेरिटरी जोन नंबर 6 से 10 तक है.

territorial fight in Ranthambhore
रणथंभौर में विचरण करता बाघ (File Photo) (ETV Bharat Sawaimadhopur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : October 12, 2026 at 10:47 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सवाई माधोपुर: रणथंभौर नेशनल पार्क के जोन नंबर 6 में क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर दो बाघों की जंग में घायल हुए बाघ टी-108 की स्थिति में आज सुधार देखने को मिला है. हालांकि वन विभाग की टीम लगातार बाघ की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.

वनविभाग के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि बाघ टी-108 के चेहरे के पास चोट के निशान के बाद से ही वन विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही थी. टीम ने बाघ को ट्रैक किया और उसकी स्थिति का लगातार आकलन किया. अभी बाघ टी-108 की स्थिति में काफी सुधार देखा गया है और बाघ अब सामान्य रूप से विचरण कर रहा है. इससे लगता है कि बाघ की हालत में सुधार हो रहा है. पशु चिकित्सा टीम उसकी स्थिति की निगरानी कर रही है. सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए फिलहाल निरंतर निगरानी जारी रखी जाएगी.

प्रदेश के सबसे बड़े रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बढ़ती बाघों की संख्या ने वन विभाग के सामने चुनौती खड़ी कर दी है. टाइगर रिजर्व में बढ़ती संख्या के चलते कई बार क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर बाघों में टेरिटरी को लेकर जंग हो जाती है, लेकिन यह कोई नई बात नहीं है. वन क्षेत्र में इलाके को लेकर आपसी संघर्ष वन्यजीवों के व्यवहार का हिस्सा है.

जय के नाम से विख्यात है टी-108: दो बाघों की लड़ाई में घायल हुए बाघ टी-108 को रणथंभौर में 'जय' के नाम से भी जाना जाता है. यह बड़ी टेरिटरी का मालिक है, जिसकी टेरिटरी जोन नंबर 6 से 10 तक है. बाघ जय रणथंभौर की प्रसिद्ध बाघिन लाडली और नर बाघ कुंभा की संतान है. वन विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है और स्वास्थ्य को लेकर मॉनिटरिंग कर रही है.