ETV Bharat / state

त्योहार पर चला महंगाई का हंटर: चीनी के बाद प्याज की कीमतों में इजाफा, 60 रुपए किलो पर इतरा रहा अनियन

रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदने निकली बहनें मिठाइयों के दाम सुनकर अपना बजट चेक कर रही हैं. मुकेश श्रीवास की रिपोर्ट.

ONION PRICE IN CHHATTISGARH
त्योहार पर चला महंगाई का हंटर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 26, 2026 at 6:14 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

दंतेवाड़ा: ''2 दिनों के बाद रक्षाबंधन का त्योहार है. भैया को राखी बांधने के लिए मैं सामान खरीदने यहां आई हूं. बाजार में मिठाई की कीमत सुनकर मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि कितनी मिठाई खरीदूं, भाई को क्या त्योहार पर खिलाऊं.'' ये दर्द सिर्फ एक बहन का नहीं है बल्कि हर उस बहन का है, जो रक्षाबंधन के त्योहार पर मिठाई खरीदने के लिए बाजार पहुंच रही हैं. चीनी और प्याज की कीमतों में बढ़ोत्तरी के चलते आम लोग परेशान हैं, उनके घर का बजट बिगड़ने लगा है.

त्योहार पर महंगाई की मार

पूरा देश इस वक्त त्योहारों के मौसम से गुजर रहा है. आज ईद मिलाद-उन-नबी और ओनम का त्योहार मनाया जा रहा है. 2 दिन बाद रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा. त्योहारी सीजन में सबसे ज्यादा डिमांड चीनी और प्याज की होती है. चीनी और प्याज दोनों की कीमत इस बार लोगों को रुला रही है. चीनी की कीमत तो पहले से ही बढ़ रही थी, अब प्याज की कीमतें भी चढ़ने लगी है. कभी 20 से 25 रुपए किलो बिकने वाला प्याज आज 60 रुपए किलो बिक रहा है.

त्योहार पर महंगाई की मार (ETV Bharat Chhattisgarh)

चीनी 70 पार, प्याज पहुंचा 60 रुपए किलो

ग्राहक भी कीमतें बढ़ने से दुखी हैं, ग्राहकों का कहना है कि अगर इसी तरह से कीमतें बढ़ती रही तो त्योहार मनाना भी मुश्किल हो जाएगा. ग्राहक के साथ-साथ दुकानदार भी कीमतें बढ़ने से परेशान हैं. दुकानदारों का कहना है कि प्याज कोई खरीद नहीं रहा है. कुछ ग्राहक आ भी रहे हैं तो पाव और आधा किलो तक ले रहे हैं. दुकानदारों का कष्ट है कि उन्होने प्याज तो काफी मात्रा में खरीद रखा है, लेकिन बिक्री उस अनुपात में नहीं हो रही है. दुकानदार और ग्राहक कह रहे हैं कि कीमतों में इजाफा होने से बाजार में भी रौनक नहीं है.

जून महीने में जहां प्याज 30 से 35 रुपये किलो के आसपास बिका वहीं जुलाई में इसका भाव बढ़कर करीब 40 रुपये किलो तक पहुंच गया. अगस्त के शुरुआत में प्याज 50 रुपये के आसपास पहुंचा, अब बाजार में ये 55 से 60 रुपए किलो साइज के हिसाब से बिक रहा है: दुकानदार

रक्षाबंधन पर भाई के लिए मिठाई लेने आई थी. होटल वालों ने जब मिठाई के दाम बताए तो मैं सोच में पढ़ गई, कितना मिठाई खरीदूं कि वो मेरे बजट में आ जाए: मिठाई खरीदने आई बहन

प्याज और चीनी खरीदना अब हमारे बजट से बाहर है. कीमतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. त्योहार में चीनी और प्याज की खपत घरों में सबसे ज्यादा होती है: ग्राहक

कारोबारियों की राय

चीनी का कारोबार करने वाले व्यापारी बता रहे हैं कि एक सप्ताह से चीनी की कीमतों में चढ़ाव जारी है. चीनी फिलहाल 80 रुपए किलो तक पहुंच चुकी है. दुकानदारों का कहना है कि अगर तेजी जारी रही तो ग्राहक उतनी मात्रा में चीनी नहीं खरीदेंगे जितनी मात्रा में पहले लिया करते थे. प्याज व्यापारी बता रहे हैं कि बारिश की वजह से प्याज की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है. कारोबारियों का कहना है कि सरकार द्वारा जारी बफर स्टॉक भी मौसम की परिस्थितियों के हिसाब से ज्यादा टिकाऊ व्यवस्था नहीं है. यदि आने वाले दिनों में मौसम का असर जारी रहा और आवक में सुधार नहीं हुआ तो प्याज के दाम में और बढ़ोतरी होने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता.

आलू की कीमतें स्थिर, लहसुन में तेजी

ग्राहक बता रहे हैं कि फिलहाल बाजार में आलू की कीमतें स्थिर बनी हुई है जो थोड़ी राहत की बात है. दूसरी ओर लहसुन और अदरक के दामों में थोड़ी तेजी जरुर है. ग्राहक भी कह रहे हैं कि जिन सब्जियों में प्याज डालना जरुरी है उनमें ही प्याज का इस्तेमाल अब किया जा रहा है. कुछ लोगों ने तो सलाद में प्याज खाना फिलहाल बंद कर दिया है. गली-मोहल्लों में ठेला लगाकर बेचने वालों का कहना है, थोक बाजार में प्याज महंगे भाव पर मिलने के कारण खुदरा बाजार में भी कीमत बढ़ाना मजबूरी है. विक्रेताओं के मुताबिक कीमत बढ़ने के बाद ग्राहक पहले की तुलना में कम मात्रा में प्याज खरीद रहे.

छोटे और मध्यम दुकानदार भी परेशान

गांव खेड़े में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में भी प्याज की मांग बनी हुई है, लेकिन बढ़े हुए दामों के कारण कई ग्राहक कम मात्रा में ही खरीदारी कर रहे हैं. सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि प्याज की कीमत बढ़ने से कारोबार पर भी असर पड़ा है. ज्यादा समय तक माल रखने पर प्याज के खराब होने और सड़ने का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है.

19 अगस्त से लापता महिला का शव बचेली में मिला, हत्या की आशंका

दंतेवाड़ा में आदिवासी लड़की से मारपीट, सर्व आदिवासी समाज की चेतावनी, 10 दिनों में हो आरोपी की गिरफ्तारी

दंतेवाड़ा में TET अनिवार्यता पर शिक्षकों का आक्रोश, 4 विकासखंडों के टीचर्स ने दिया धरना