ETV Bharat / state

नशे में धुत पुत्र की काली करतूत, फटकार से गुस्से में ले ली पिता की जान

बोकारो में एक पुत्र ने अपने पिता की हत्या कर दी है.

Inebriated son murder father in Bokaro
बोकारो पुलिस के शिकंजे में आरोपी (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 27, 2026 at 3:56 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बोकारोः जिला में गोमिया प्रखंड अंतर्गत तिलैया पंचायत के कारीपानी गांव में रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां नशे में धुत एक बेटे ने अपने ही पिता की टांगी से मारकर हत्या कर दी. ये घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. वारदात के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.

कारीपानी गांव निवासी 30 वर्षीय अर्जुन करमाली शुक्रवार देर रात अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से वापस लौटा था. वह शराब के नशे में धुत था, उसकी शराब पीने की आदत से लंबे समय से परेशान पिता जयलाल करमाली (63 वर्ष) ने उसे फटकार लगाई. उन्होंने बेटे से कहा कि उसकी नशे की लत के कारण परिवार में लगातार अशांति बनी रहती है और उसकी पत्नी भी मारपीट से तंग आकर मायके चली गई है.

पिता की बात सुनकर अर्जुन अपना आपा खो बैठा और दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई. इसी दौरान गुस्से में अर्जुन ने घर में रखी टांगी उठाई और अपने पिता के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई.

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अर्जुन करमाली को पकड़ लिया और घर में ही बांधकर रखा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हत्या में इस्तेमाल टांगी बरामद कर जब्त कर ली गई है.

जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं शनिवार सुबह तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी भी घटनास्थल पहुंचीं. उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और शर्मनाक बताते हुए कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति परिवारों के टूटने और इस तरह की घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है. उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की अपील की.

इसे भी पढे़ं- पाकुड़ में पिता की धारदार हथियार से हत्या, शराबी बेटे ने दिया वारदात को अंजाम

इसे भी पढे़ं- बड़े भाई को टांगी से काटने वाला हुआ गिरफ्तार! बांस के दरवाजे पर लात मारने के बाद हुआ था विवाद

इसे भी पढे़ं- बाजार में महिला के मिले शव का खुलासा, शराब के नशे में पति ने ही ली थी पत्नी की जान