पीरपैंती पहुंचे उद्योगपति गौतम अदाणी, 2400 मेगावाट पावर प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण
भागलपुर के पीरपैंती में 30 हजार करोड़ के निवेश से बन रहे 2400 मेगा पावर प्रोजेक्ट का गौतम अदाणी ने निरीक्षण किया-


Published : February 22, 2026 at 4:56 PM IST
भागलपुर : बिहार में औद्योगिक निवेश की दिशा में एक बड़ा कदम तब देखने को मिला जब देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी ने भागलपुर जिले के पीरपैंती पहुंचकर निर्माणाधीन थर्मल पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया. यह दौरा राज्य के औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
479 हेक्टेयर में बन रहा अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल प्लांट : करीब 479 हेक्टेयर भूमि में तैयार हो रहा यह अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट 2400 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता वाला होगा. परियोजना को आधुनिक तकनीक से विकसित किया जा रहा है ताकि उच्च दक्षता के साथ बिजली उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके.
लॉजिस्टिक दृष्टि से मजबूत है परियोजना स्थल : परियोजना स्थल के उत्तर में गंगा नदी, दक्षिण में राष्ट्रीय राजमार्ग और पास ही पीरपैंती रेलवे स्टेशन स्थित है. इन सुविधाओं के कारण कच्चे माल की आपूर्ति और बिजली वितरण के लिहाज से इसकी लॉजिस्टिक क्षमता काफी मजबूत मानी जा रही है.
30 हजार करोड़ का निवेश : करीब 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश से बन रहे इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान 10 से 12 हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है. प्लांट के संचालन शुरू होने के बाद लगभग 3000 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा.

बिहार की ऊर्जा जरूरतों को मिलेगी मजबूती : यह परियोजना न केवल बिहार की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने में मददगार होगी, बल्कि क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार देगी. विशेषज्ञों का मानना है कि गौतम अदाणी का यह दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि राज्य में निवेश और उद्योग के प्रति भरोसे का सकारात्मक संदेश भी है.
ये भी पढ़ें- चीन को भेजा गया 5 टन मखाना, इस साल दुनियाभर में 30000 टन निर्यात होने की उम्मीद

