ETV Bharat / state

एयरपोर्ट जैसा इंदौर ISBT, ओपनिंग का काउंटडाउन शुरू, रोज डेढ़ हजार बसों का आवागमन

इंदौर का अंतरराज्यीय बस टर्मिनल तैयार. विभिन्न राज्यों के लिए चलेंगी बसें. यात्रियों की सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है.

Indore ISBT facilities
एयरपोर्ट जैसा इंदौर आईएसबीटी, ओपनिंग का काउंटडाउन शुरू (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 2, 2026 at 6:43 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर: एयरपोर्ट की तर्ज पर तैयार किए गए इंदौर के टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) से जल्द ही बस सेवा उपलब्ध होगी. इंदौर के कुमेडी में 123 करोड़ की लागत से तैयार आईएसबीटी में सुव्यवस्थित प्रतीक्षालय, पार्किंग, खानपान, सुरक्षा व्यवस्था सहित मेट्रो कनेक्टिविटी और सिटी बसों के लिए भी समुचित व्यवस्था की गई है.

इंदौर संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया "यह बस टर्मिनल न केवल इंदौरवासियों के लिए परिवहन सुविधा को बेहतर बनाएगा, बल्कि प्रदेश एवं अन्य राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा."

ISBT पर 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा

लगभग 15 एकड़ क्षेत्रफल में 101 करोड़ रुपये की लागत से यह अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) बनाया गया है. बस टर्मिनल सिंहस्थ के लिये भी बड़ी सौगात होगा. इसके माध्यम से यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी. आईएसबीटी पर लगभग 1440 बसें 24 घंटे में आयेंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए 14 टिकट काउन्टर रहेंगे. लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा भी रहेगी. कुल 43 बस प्लेटफार्म निर्मित किये गये हैं. जिसमें 28 प्लेटफार्म जाने वाली बसों के लिए एवं 15 प्लेटफार्म आने वाली बसों के लिए निर्धारित किये गये हैं.

Indore ISBT facilities
इंदौर के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निरीक्षण करते अधिकारी (ETV BHARAT)

रोजाना 80 हजार यात्री आ-जा सकेंगे

टर्मिनल बिल्डिंग में प्रतिदिन 80 हजार यात्रियों का आवागमन प्रस्तावित है. इसमें भीड़ वाले समय पर लगभग 8 हजार व्यक्ति एक साथ आवागमन कर सकेंगे. यात्री बसों के आगमन एवं निर्गम हेतु पृथक-पृथक द्वार बनाये गये हैं. आईएसबीटी परिसर में लगभग 600 दो पहिया वाहन, 160 कार टैक्सी, 150 ऑटो रिक्शा एवं लगभग 50 प्रायवेट कारों के लिए पृथक से पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.

इसके अतिरिक्त लगभग 315 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था तल घर में भी है. पार्किंग स्थल पर दो सुलभ शौचालय का निर्माण भी किया गया है. टर्मिनल बिल्डिंग में 500 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है एवं एयरपोर्ट के समान वीआईपी लाउंज का भी निर्माण किया गया है.

ISBT का मेट्रो स्टेशनों से कनेक्शन

टर्मिनल ब्लॉक में टिकिट काउंटर, पूछताछ कार्यालय, पुलिस चौकी, मेडिकल रूम एवं क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की गई है. संपूर्ण टर्मिनल बिल्डिंग में एयरपोर्ट की तरह एयर कूलिंग सिस्टम रहेगा, जोकि प्रदेश के किसी भी आईएसबीटी में नहीं है. यात्रियों की सुविधा हेतु 16 रेस्टोरेन्ट, 37 दुकानें, 33 कार्यालय भवन एवं 2 एटीएम का भी निर्माण किया गया है.

आईएसबीटी को मेट्रो स्टेशन से भी सीधे जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से मेट्रो के यात्री सीधे बस स्टैण्ड परिसर में एवं बस के यात्री सीधे मेट्रो स्टेशन पहुंच सकेंगे. आवागमन की सुविधा हेतु आईएसबीटी के सामने 75 मीटर चौड़ा एमआर-10 एवं तीन तरफ 30 मीटर चौड़े रोड बनाये गये हैं. आईएसबीटी परिसर में वर्षा पानी के रिचार्जिंग की व्यवस्था भी की गई है.

पड़ोसी राज्यों के लिए दौड़ेंगी बसें

इंदौर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत 3 श्रेणी की बसों का संचालन जुलाई माह प्रारंभ किया जाएगा. इसके तहत इंदौर से मध्य प्रदेश के अन्य जिलों को जोड़ने वाली इंटरसिटी मार्गों पर बसों का संचालन शुरू होगा . इंदौर शहर में सिटी बसों का संचालन तथा इस श्रेणी में उपनगरीय क्षेत्रों तक अधिसूचित मार्गों पर भी बसों का संचालन किया जाएगा.

इंदौर संभाग के समीपवर्ती राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान एवं उत्तरप्रदेश जाने वाले अंतर्राज्यीय मार्गों पर अनुबंध अनुसार बसों का संचालन भी किया जाएगा. इसके साथ-साथ पीएम ई-बस सेवा की 150 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी इंदौर शहर में जुलाई माह से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है.

मध्य प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा

इंदौर संभाग आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया "7 क्षेत्रीय मुख्यालय इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, जबलपुर और रीवा में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत सिटी बसों का संचालन भी किया जायेगा. इंदौर क्षेत्र से महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश राज्यों के लिये जाने वाली बसों के मार्ग अनुबंध अनुसार संख्या कुल 101 है. इसमें कुल 276 अंतर्राज्यीय बसों का संचालन अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड (A.I.C.T.S.L) द्वारा किया जायेगा. इसी प्रकार इंदौर से प्रारंभ होने वाली इंटरसिटी सिटी बसें एवं अंतर्राज्यीय, कुल मार्गों की संख्या क्रमश: 250 हैं. इनमें कुल 1688 बसों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है."