इंदौर में साड़ी में नारी शक्ति का रैम्प वॉक, महिलाओं ने समाज को दिए दो महत्वपूर्ण संदेश
जब रैम्प पर सैकड़ों महिलाएं एक साथ साड़ी ड्रेस में उतरी तो भारतीय संस्कृति जीवित हो उठी. सिद्धार्थ माछीवाल की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 25, 2026 at 2:03 PM IST
इंदौर : शहर के बास्केटबॉल परिसर में महिला जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं ने साड़ी पहनकर रैम्प वॉक किया. इस दौरान महिलाओं ने नशा मुक्ति व ब्रेस्ट कैंसर से बचाव का संदेश दिया. इसमें सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया. आयोजन में सिर्फ इंदौर ही नहीं, बल्कि देवास और ब्यावरा से भी आई महिलाओं की टोली ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई.
भारतीय संस्कृति को बढ़ाने पर जोर
आयोजन में भारतीय संस्कृति का पर्याय साड़ी और रैम्प वॉक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहा. साड़ी पहनकर जब महिलाओं ने रैम्प पर कदम रखा तो उन्होंने अपनी परंपरा और आत्मविश्वास दोनों का शानदार प्रदर्शन किया. इस मौके पर विशेष अतिथि अर्चना जायसवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा "इस तरह के आयोजन लगातार होने चाहिए. हमें अपनी भारतीय संस्कृति और परिधानों को सहेजने के साथ ही अपने बेहतर स्वास्थ्य और नशे के खिलाफ भी मजबूती से लड़ाई लड़नी है."
महिलाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ
आयोजन के दौरान एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने सभी महिलाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई. उन्होंने समाज में बढ़ती नशे की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा "आज नशा सिर्फ युवा पीढ़ी को ही नहीं, बल्कि पूरे घर-परिवार और समाज को खोखला कर रहा है." मुख्य अतिथि माधवी आनंद ने महिलाओं में जोश भरते हुए कहा "महिलाएं केवल परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का आधार स्तंभ हैं. यदि एक महिला सजग रहेगी तो पूरा परिवार सजग होगा. महिलाएं अगर ठान लें तो वे नशे के खिलाफ बड़ा और सफल आंदोलन खड़ा कर सकती हैं."

- सीहोर में पुलिस की टॉप लीडरशिप महिलाओं के पास, नारी शक्ति चलाएगी कानून व्यवस्था
- नारी वंदन में सीएम को याद आईं राजमाता, तीन तलाक से मुक्ति व नारी सशक्तिकरण का श्रेय मोदी को दिया
ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए मार्गदर्शन
कार्यक्रम के अंतिम चरण में महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा की गई. डॉ.विनीत भंडारी और अष्टांग कॉलेज के सीनियर प्राध्यापक डॉ.अखिलेश भार्गव ने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के तरीकों से अवगत कराया. दोनों चिकित्सकों ने बताया "कैसे थोड़ी सी जागरूकता, सही जानकारी और समय रहते जांच करवाकर इस गंभीर बीमारी को आसानी से रोका जा सकता है.
कार्यक्रम की सूत्रधार रजनी खेतान ने बताया "साड़ी पहनकर रैंप वॉक के जरिए शहर की महिलाओं ने परिवार में बढ़ रही नशाखोरी के खिलाफ अनूठा संदेश दिया है. उन्हें कैंसर से बचाव की भी जानकारी दी गई, जिससे कि वह इस बीमारी को लेकर जागरूक रह सकें."

