शादी में नकली सोने का मंगलसूत्र पहनाने पर भड़की दुल्हन, पति के खिलाफ कराई FIR
इंदौर में एक महिला ने अपने पति पर धोखा देने का आरोप लगाया. यहां तक कि सुहाग की निशानी भी नकली गिफ्ट करने की शिकायत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : November 18, 2025 at 7:34 PM IST
इंदौर : पति-पत्नी का रिश्ता भरोसे का होता है. जब एक का भरोसा उठता है तो रिश्ता भी खतरे में पड़ जाता है. इंदौर में एक महिला ने अपने पति पर धोखा देने का आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. महिला ने शिकायत में लिखा है " पति ने उसका भरोसा तोड़ा है. यहां तक कि शादी में सात फेरे से पहले पहनाया गया मंगलसूत्र भी नकली सोने का था." पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जांच कराने पर नकली निकला मंगलसूत्र
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति के खिलाफ ही धोखाधड़ी और धमकाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाया है. पत्नी का कहना है "शादी के दौरान पति ने सोने का मंगलसूत्र उपहार के रूप में दिया था, लेकिन जब इसकी जांच करवाई तो ये नकली निकला. इससे उसका दिल टूट गया. उसका पति से भरोसा उठ चुका है. उसने कभी सोचा नहीं था कि उसकी शादी में सुहाग की निशानी भी नकली निकलेगी."
पति पर मारपीट करने का आरोप
महिला की शादी बाणगंगा क्षेत्र में ही रहने वाले युवक राजू से हुई थी. महिला का कहना है "मंगलसूत्र नकली निकलने पर जब उसने अपने पति से बात की तो उसने कहा शादी में काफी रुपये खर्च हो गए हैं. ये राशि अपने माता-पिता से मांगकर लाए." इसके बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होने लगा. महिला का आरोप है कि उसका पति उसके साथ मारपीट भी करने लगा है. पति को उसके मायके वालों ने समझाया तो वह उल्टे उनके खिलाफ भी आपत्तिजनक बातें करता है.
- बौखलाया पति, बेडरूम में कैमरा लगाकर पत्नी से ऐसी बेवफाई कि शर्मसार हुई इंसानियत
- पत्नी ने लगाए पति पर गंभीर आरोप, अश्लील वीडियो दिखाकर अप्राकृतिक कृत्य
पति पर प्रताड़ना सहित कई धाराओं में केस दर्ज
महिला का कहना है "पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है." पुलिस ने प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है "महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. जल्द ही पति को बयान लेने के लिए बुलाया जाएगा. जो भी मामला जांच में निकलेगा, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी."

