इंदौर में पानी की किल्लत पर लोगों का हल्लाबोल, विधायक रमेश मेंदोला के घर का किया घेराव
मध्यप्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में भीषण गर्मी में पानी को लेकर मची त्राहि-त्राहि, पार्षद ने लगाया भेदभाव का आरोप. सिद्धार्थ माछीवाल की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 23, 2026 at 9:50 PM IST
इंदौर: प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए त्राहि-त्राहि मच गई है. वार्ड नंबर 26 में पानी की गंभीर किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में स्थानीय निवासियों ने क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला के घर का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की.
सड़कों पर उतरने को जनता मजबूर
लगातार औसत से कम वर्षा और बढ़ती आबादी के चलते पानी की समस्या पैदा हो रही है. बोरिंग के पानी के अत्यधिक दोहन के बावजूद इंदौर में आम जनता को अब जरूरत के मुताबिक पानी मिलाना मुश्किल हो रहा है, ऐसी स्थिति में पानी के लिए परेशान जनता अब सड़कों पर उतरने को मजबूर है.
नगर निगम पर लगे गंभीर आरोप
वार्ड नंबर 26 में शनिवार को जनता ने पैदल मार्च निकालते हुए क्षेत्रीय विधायक रमेश मेंदोला के घर का घेराव किया. इसका नेतृत्व स्थानीय पार्षद लालबहादुर वर्मा ने किया. वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा, "वार्ड की जनता के लिए नगर निगम द्वारा क्षेत्र के एक भी हाइड्रेंट से पानी नहीं भरने दिया जा रहा है. जिसके कारण टैंकर होने के बावजूद वार्ड की जनता पानी के लिए तरस रही है. नलों में जरूरत के मुताबिक पानी नहीं आ रहा है और अधिकारी कुछ भी कहने सुनने की स्थिति में नहीं हैं."
टंकी निर्माण का आश्वासन
विधायक रमेश मेंदोला ने जनता की परेशानी को सुनकर निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया. इसके बाद मौके पर पहुंचे महापौर पुष्यमित्र भार्गव और परिषद में जल कार्य विभाग के प्रभारी बबलू शर्मा ने घटनास्थल पर ही एक नई टंकी बनाने की घोषणा की. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया, "आबादी बढ़ने के कारण शहर में यह स्थिति है, लेकिन नए सिरे से 27 टंकियां बनाई जा रही हैं, जिनमें से एक टंकी वार्ड नंबर 26 के लिए स्वीकृत की गई है."

टैंकर नहीं भरने देने का आरोप
वार्ड नंबर 26 के पार्षद लालबहादुर वर्मा ने कहा, "नर्मदा लाइन से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है. जिसके कारण कई क्षेत्रों में लगभग 15 मिनट ही पानी सप्लाई हो रही है. ऐसे में जनता की जरूरत पूरी करने के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है, लेकिन जब टैंकर ही नहीं भर पाएंगे तो लोगों तक पानी कैसे पहुंचेगा?"
- प्यास से तड़प रहा आधा बुरहानपुर, नल-ट्यूबवेल से पानी गायब, जलसंकट की दर्दनाक तस्वीर
- ग्वालियर HC से मध्य प्रदेश सरकार को झटका, महापौर निधि के आदेश पर लगाई रोक
उन्होंने आगे कहा, "कई बार अधिकारियों को फोन पर जानकारी देने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है इसलिए क्षेत्र की समस्या को लेकर मैं विधायक रमेश मेंदोला से मिलने पहुंचा था. इस दौरान उनसे मुलाकात कर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी. इसके बाद महापौर और अपर आयुक्त के साथ बैठक कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है."

