इंदौर में पानी के लिए रेंगे पार्षद, चक्काजाम के दौरान अफसरों के आगे दंडवत होकर लगाई गुहार
इंदौर में प्यास बुझाने सड़क पर उतरा हुजूम, पानी की मांग को लेकर रहवासियों ने किया चक्काजाम. सिद्धार्थ माछीवाल की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 24, 2026 at 9:52 PM IST
इंदौर: मिनी मुंबई कहे जाने वाला इंदौर शहर आज पानी के लिए तरस रहा है. वाटर प्लस सिटी के नाम पर करोड़ों के विकास के दावे और स्मार्ट सिटी की चमक के बीच अब हालात ऐसे हैं कि जनता को सड़कों पर उतरकर अपनी प्यास बुझाने की गुहार लगानी पड़ रही है. कांग्रेस पार्षद राजू भदोरिया ने चक्काजाम के दौरान अफसरों के आगे दंडवत होकर पानी के लिए गुहार लगाई.
नहीं मिल रहा है नियमित रूप से पानी
भीषण गर्मी में जल संकट ने लोगों का सब्र तोड़ दिया है. रविवार को शहर के कई इलाकों में रहवासियों ने चक्काजाम कर दिया. मालवा मिल, पालदा सहित विभिन्न क्षेत्रों में रहवासियों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लोगों का कहना है कि कई दिनों से नियमित पानी नहीं मिल रहा है. नलों में पानी नहीं आ रहा और जिन बोरवेल के भरोसे लोग थे, वे भी गर्मी में जवाब दे चुके हैं.
पार्षद ने अफसरों के पैरों पर गिर मांगा पानी
हालात इतने खराब हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. महिलाओं और बुजुर्गों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. इसलिए रविवार को वार्ड 75 के कांग्रेस पार्षद राजू भदोरिया ने अधिकारियों के सामने चक्काजाम कर पुलिस अफसरों के पैरों में गिरकर पानी मांगा. वे जमीन पर दंडवत होकर रेंगते हुए अफसरों तक पहुंचे और जनता के लिए पानी की मांग की.

समाधान नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी
कांग्रेस पार्षद राजू भदोरिया ने नगर निगम पर अव्यवस्था और लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि "स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों खर्च किए गए, लेकिन जनता को मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही. बढ़ती गर्मी के साथ जल संकट भी गहराता जा रहा है. यदि जल्द इसका समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में शहर में उग्र विरोध प्रदर्शन होगा."
- बिजली के खंभों पर लटकता पाइपलाइन का मकड़जाल, यही है नल जल योजना की हकीकत!
- इंदौर में पानी की किल्लत पर लोगों का हल्लाबोल, विधायक रमेश मेंदोला के घर का किया घेराव
नगर निगम अपर आयुक्त आशीष पाठक ने बताया कि "नर्मदा का पानी टंकियों तक पहुंचाया जा रहा है. जिन क्षेत्रों में सप्लाई प्रभावित है वहां टैंकरों के माध्यम से जलप्रदाय किया जा रहा है" वहीं, रहवासियों का कहना है कि जमीनी हकीकत नगर निगम के दावों से बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है. कई इलाकों में टैंकर समय पर नहीं पहुंच रहे, तो कहीं पानी की मात्रा जरूरत से बेहद कम बताई जा रही है.

